Himachal Weather Forecast: छह जिलों में आज भारी बारिश और आंधी के लिए यलो अलर्ट जारी
मौसम विशेषज्ञों ने रविवार को प्रदेश के छह जिलों में भारी बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। आधी रात से ही कुछ जगह भारी बारिश का दौर जारी है।
धर्मशाला, जेएनएन। मौसम विशेषज्ञों ने रविवार को प्रदेश के छह जिलों में भारी बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। आधी रात से ही कुछ जगह भारी बारिश का दौर जारी है। कुछ स्थानों पर सुबह धूप भी खिली है। लेकिन दोपहर बाद फिर से मौसम का कड़ा रुख अख्तियार कर लेगा। मौसम विशेषज्ञों ने आज चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन में आंधी और भारी बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। अभी इन जिलों में ही बारिश का ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। रात को हुई भारी बारिश के कारण नदी व नाले उफान पर हैं। बादलों की जबरदस्त गर्जना व बिजली चमकने से लोगों की नींद भी टूट गई। कांगड़ा जिला में बारिश का असर ज्यादा रहा।
प्रदेश में शनिवार को आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। शुक्रवार को हुई भारी बारिश से तापमान में दो डिग्री तक की गिरावट आई है। शनिवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना में 36.4 डिग्री दर्ज किया गया, जिसमें करीब एक डिग्री तक की गिरावट आई है, जबकि सुंदरनगर में दो डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश में 17 जुलाई तक मौसम ऐसा ही रहेगा जिसमें कई स्थानों पर बारिश होगी।
प्रदेश में कहां कितना रहा तापमान (डिग्री सेल्सियस)
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 17.2, 24.4
- सुंदरनगर, 21.3, 32.5
- भुंतर, 19.9, 32.7
- कल्पा, 13.0, 26.0
- धर्मशाला, 20.0, 29.4
- ऊना, 22.3, 36.4
- नाहन, 24.2, 31.0
- केलंग, 10.8, 21.5
- सोलन, 20.2, 31.5