विधायक विशाल नेहरिया ने विधानसभा में उठाया योल कैंट में चुनाव न होने और टैक्स बढ़ाने का मामला
Himachal Vidhan Sabha हिमाचल प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर कैंट हैं जहां पर पिछले काफी समय से चुनाव नहीं हुए हैं।
शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर कैंट हैं, जहां पर पिछले काफी समय से चुनाव नहीं हुए हैं। इसके अलावा प्रदेश के सबसे बड़े योल कैंट की ओर से टैक्स में वृद्धि की गई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का कहना है कि वह स्वयं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से इस मामले में बात करेंगे। इस मामले को लेकर रक्षा मंत्रालय को लिखा गया है। समाधान का रास्ता भी निकल गया था, लेकिन उसके बाद कोरोना काल शुरू होने के कारण यह विषय अधर में लटक गया। धर्मशाला से भाजपा विधायक विशाल नेहरिया का कहना था कि योल कैंट प्रदेश का सबसे बड़ा सैन्य क्षेत्र है। यहां की आबादी पच्चीस हजार से अधिकहै। यहां के लोग चाहते हैं कि कैंट से बाहर करके पंचायतों में शामिल किया जाए। उन्होंने यह भी बात रखी कि योल कैंट छावनी क्षेत्र में चुनाव नहीं हो रहे हैं। सैन्य छावनी बोर्ड योल द्वारा गृह संपत्ति टैक्स में वृद्धि की गई है।
विपिन परमार ने थर्मल स्कैनिंग के बाद किया प्रवेश
दो दिन अवकाश के बाद विधानसभा के मानसून सत्र के लिए पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने अपने कार्यालय में बढ़ने से पहले थर्मल स्कैनिंग करवाई। उन्होंने कहा कोरोना से बचाव रखना ही सबसे उपयुक्त है। सभी लोगों को मास्क लगाना चाहिए, हाथ धोने चाहिएं और दो गज की दूरी बनाए रखनी होगी तभी इस संक्रमण से बचा जा सकता है। उन्होंने विधानसभा में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति, मंत्री, विधायक को भी इस तरह के दिशा निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है।