Snowfall in Himachal: भारी बर्फबारी से निखरे पर्यटन स्थल, मनाली का लाहुल से संपर्क कटा; देखिए तस्वीरें
Snowfall in Himachal हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल बर्फबारी से सराबोर हो गए हैं। पर्यटन नगरी मनाली एक बार फिर बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया। अटल टनल के दोनों और हो रही बर्फबारी से लाहुल घाटी का मनाली से संपर्क कट गया है।
मनाली/धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल बर्फबारी से सराबोर हो गए हैं। पर्यटन नगरी मनाली एक बार फिर बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया। अटल टनल के दोनों और हो रही बर्फबारी से लाहुल घाटी का मनाली से संपर्क कट गया है। धर्मशाला के पर्यटन स्थल भी बर्फ से निखर उठे हैं। नड्डी, धर्मकोट, गलू सहित बिलिंग घाटी में भी बर्फबारी हुई है। पर्यटन कारोबारियों को पर्यटकों की आमद बढ़ने की उम्मीद जगी है।
भारी बर्फबारी के बाद मनाली के अधिकतर क्षेत्रों में सुबह से बिजली गुल है। हालांकि वाहनों की आवाजाही फिलहाल जारी है। लेकिन बिजली न होने से पर्यटकों की भी दिक्कत बढ़ गई है। पर्यटन नगरी मनाली में सुबह चार बजे से बर्फबारी हो रही है। शहर में अभी तक तीन इंच हिमपात हो चुका है, जबकि मनाली के पर्यटन स्थलों गुलाबा, सोलंगनाला, धुंधी, अंजनी महादेव, फातरु, कोठी, पलचान, कुलंग, नेहरुकुंड में भारी बर्फ बारी का दौर चला हुआ है।
अटल टनल के उस पार लाहुल घाटी में भी एक बार फिर से भारी बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया है। घाटी के सभी मुख्य मार्ग व सम्पर्क मार्ग अबरुद्ध हो गए हैं। लाहुल की पटन घाटी, चन्द्रा, तिनन व गाहर घाटी में बर्फबारी हो रही है।
माल रोड बना सैलानियों के लिए स्नो प्वाइंट
मनाली घूमने आए पर्यटकों को आज होटलों के प्रांगण में ही बर्फबारी का आनंद लेने का मौका मिल गया। मनाली सहित पहाड़ों में लगातार हो रही बर्फबारी से पर्यटकों की आमद में बढ़ोतरी हुई है। एसडीएम मनाली रमन घरसंगी ने बताया पर्यटकों को आज नेहरूकुंड से आगे जाने की अनुमति नहीं रहेगी। उन्होंने बताया भारी बर्फबारी होने से लाहुल घाटी का मनाली से संपर्क कट गया है। उन्होंने सैलानियों से आग्रह किया कि वह बर्फबारी को देखते हुए ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न जाएं और मनाली व आसपास के क्षेत्रों में ही बर्फ का आनंद लें।