शांता कुमार बोले, प्रदेश में विकास शुरू करने का श्रेय यशवंत सिंह परमार को, स्वर्ण जयंती समारोह में नहीं जुड़ेंगे
Himachal Statehood Day शांता कुमार ने कहा कि 25 जनवरी को हिमाचल प्रदेश पूर्ण राज्यत्व के 50 साल पूरे कर रहा है। मुझे खुशी है कि इन सालों में हिमाचल ने ऐतिहासिक विकास किया है। प्रदेश में विकास शुरू करने का श्रेय पहले मुख्यमंत्री यशवंत सिंह परमार को जाता है।
पालमपुर, संवाद सहयोगी। Himachal Statehood Day, पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कहा कि 25 जनवरी को हिमाचल प्रदेश पूर्ण राज्यत्व के 50 साल पूरे कर रहा है। मुझे खुशी है कि इन सालों में हिमाचल ने ऐतिहासिक विकास किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास शुरू करने का श्रेय प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री यशवंत सिंह परमार को जाता है। मेरा सौभाग्य है कि विधायक के रूप में उनके साथ काम करने का मौका मिला। प्रदेश के सभी मुख्यमंत्रियों व नेताओं ने हिमाचल का विकास करने की कोशिश की। मैं प्रदेश के विकास के लिए जनता व सभी पार्टियों को बधाई देता हूं।
एक खुशी का अवसर यह है कि नीति आयोग ने रिपोर्ट में कहा है कि नवाचार विकास की दृष्टि से पहाड़ी प्रदेशों में हिमाचल सबसे ऊपर है। नीति आयोग का प्रमाणपत्र इस मौके पर मिला है जब हिमाचल पूर्ण राज्यत्व के 50 वर्ष पूरे कर रहा है। 50 वर्ष के परिश्रम के बाद हिमाचल भारत के तीन संपन्न प्रदेशों में शामिल है और बहुत कम लोग गरीबी रेखा से नीचे रह गए हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि जो कमी रह गई है उसे प्रदेश पूरा करेगा।
शांता ने कहा कि वह स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लेने के लिए शिमला नहीं जा पाएंगे। अमित शाह शिमला आ रहे हैं। अच्छा होता कि मैं उनका स्वागत कर पाता। मैं तन से न ही सही लेकिन मन से 25 को शिमला में सबके साथ रहूंगा।