Himachal School Reopen: हिमाचल में 27 सितंबर से स्कूल खोलने की तैयारी, सीएम ने दिए स्पष्ट संकेत
Himachal School Reopen मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा यकीनन स्कूल बंद रहने से बच्चों की पढ़ाई पर विपरीत असर पड़ रहा है। राज्य में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते घटते जा रहे हैं। इस पर सरकार के सभी विभागों ने नजर बनाई है।
शिमला, जागरण संवाददाता। Himachal School Reopen, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा यकीनन स्कूल बंद रहने से बच्चों की पढ़ाई पर विपरीत असर पड़ रहा है। राज्य में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते घटते जा रहे हैं। इस पर सरकार के सभी विभागों ने नजर बनाई है। स्वास्थ्य से लेकर शिक्षा विभाग लगातार ही इस मामले पर नजर रखे हुए हैं। बच्चों के अभिभावक भी स्कूल खोलने के पक्ष में हैं। आगामी बैठक में इस मसले पर सरकार के मंत्रियों व अधिकारियों के साथ चर्चा की जानी है। इसके बाद ही इस मसले पर फैसला लिया जाना है। 24 को शुक्रवार है। उम्मीद है कि राज्य सरकार 27 से स्कूलों को खोलने पर कोई फैसला ले सकती है।
मानसून के बाद नुकसान का आकलन
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल में बरसात के दौरान हुए नुकसान की भी जानकारी मांगी है। अभी बरसात लगातार हो रही है। मानसून खत्म होने के बाद नुकसान का स्टीक अनुमान लगाया जा सकेगा। नुकसान का जायजा लेने के केंद्र की तरफ से टीम भी आएगी। ये हिमाचल में मानसून के दौरान हुए नुकसान का आकलन कर केंद्र को रिपोर्ट पेश करेगी। रिपोर्ट के आधार पर ही हम केंद्र से नुकसान की भरपाई को लेकर मदद की मांग करेंगे।
सरकार फिर करेगी मेगा इवेंट
राज्य सरकार एक बार फिर मेगा इंवेंट का आयोजन करने जा रही है। इस बार मध्य प्रदेश की सरकार की तर्ज पर जयराम सरकार भी पीएम गरीब कल्याण योजना को इवेंट के तौर पर पेश किए जाने की तैयारी में हैं। इसमें में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे। इस समारोह को प्रदेश में किया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए राज्य भर में अलग-अलग जगहों पर 140 एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। इसके लिए पार्टी के विधायकों को निर्देश जारी कर दिए हैं।