हिमाचल में महिलाओं का लगेगा आधा किराया, महिला चालक सीमा ने संभाला स्टीयरिंग, सीएम शगुन देकर हुए सवार
Women Bus Fare Himachal हिमाचल प्रदेश में एचआरटीसी की साधारण बसों में महिलाओं का आधा किराया लगेगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने धर्मशाला में महिलाओं के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में 50 फीसदी किराये की छूट योजना का शुभारंभ किया।
धर्मशाला, जागरण संवाददाता। Women Bus Fare Himachal, हिमाचल प्रदेश में एचआरटीसी की साधारण बसों में महिलाओं का आधा किराया लगेगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने धर्मशाला में महिलाओं के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में 50 फीसदी किराये की छूट योजना का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने निगम की महिला बस चालक सीमा को शगुन दिया। धर्मशाला बस अड्डा में नारी को नमन का कार्यक्रम का शुभारंभ करने के बाद बस अड्डा से कॉलेज सभास्थल तक बस में आए। बस की चालक सीमा देवी अर्की से हैं, इन्हें विशेष रूप से बुलाया गया था।
इसके बाद सीएम कालेज आडिटोरियम में आयोजित ‘नारी को नमन’ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। धर्मशाला बस अड्डे से बस महिलाओं को लेकर कालेज आडिटोरियम तक पहुंची। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी बस में सवार होकर कालेज आडिटोरियम तक आए। बस कंडक्टर ने टिकट भी काटा। सीएम के बस किराये का टिकट परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने कटवाया। बस स्टैंड से आडिटोरियम तक सफर के दौरान सवार महिलाओं ने गाने गाते हुए सफर किया।
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार, परिवहन, उद्योग, श्रम एवं रोजगार मंत्री बिक्रम ठाकुर, विधायक रवि धीमान, अर्जुन सिंह, विधायक विशाल नेहरिया, नगरोटा के विधायक अरुण मेहरा, इंदौरा की रीता धीमान आदि विशेष रूप से मौजूद रहे।
प्रदेश सरकार ने 15 अप्रैल को हिमाचल दिवस के मौके पर एचआरटीसी बसों में महिलाओं से केवल 50 फीसद शुल्क लेने की घोषणा की थी। यह फैसला अब लागू होने जा रहा है। यह योजना हिमाचल प्रदेश के भीतर एक जुलाई से शुरू होगी और हिमाचल के भीतर चलने वाली सभी साधारण एचआरटीसी बसों में महिलाओं से आधा किराया ही लिया जाएगा। हिमाचल सरकार ने महिला सशक्तीकरण के लिए कई कदम उठाए हैं। उस दिशा में यह एक और कदम है। इस फैसले महिलाओं को जो बचत होगी, उससे उनकी आर्थिक स्वतंत्रता को बढ़ाने में मदद मिलेगी।