हिमाचल प्रदेश कांग्रेस नेता उतरे पुलिस कर्मचारियों के समर्थन में, जवानों की मांगों को ठहराया उचित
Himachal Pradesh Police हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पुलिस कर्मचारियों की मांगों के समर्थन में उतर आई है। कांग्रेस के प्रदेश सचिव बलदेव ठाकुर और यशपाल तनाईक ने आरोप लगाया कि वर्ष 2015 के बाद के पुलिस कर्मचारियों के साथ सरकार अन्याय कर रही है।
शिमला, जागरण संवाददाता। Himachal Pradesh Police, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पुलिस कर्मचारियों की मांगों के समर्थन में उतर आई है। कांग्रेस के प्रदेश सचिव बलदेव ठाकुर और यशपाल तनाईक ने आरोप लगाया कि वर्ष 2015 के बाद के पुलिस कर्मचारियों के साथ सरकार अन्याय कर रही है। यहां जारी बयान में उन्होंने कहा पुलिस के साथ हो रहे अन्याय को कांग्रेस सहन नहीं करेगी। वर्ष 2015 के बाद 5000 पुलिस कर्मचारियों के वेतन में और 2015 से पहले भर्ती पुलिस कर्मचारियों के वेतन में 18000 रुपये का अंतर है।
बलदेव ठाकुर और यशपाल तनाईक ने कहा कि प्रदेश के पुलिस कर्मचारी विपरीत परिस्थितियों में जनता की सेवा को 24 घंटे तत्पर रहते हैं। 24 घंटे ड्यूटी ली जाती है और वेतन सिर्फ आठ घंटे का दिया जा रहा है। कुछ दिन पहले ये कर्मचारी शांतिपूर्ण तरीके से मुख्यमंत्री के पास वेतन विसंगति को लेकर पहुंचे तो सरकार ने इन कर्मचारियों पर अनुशासन की तलवार लटकाकर बेरंग लौटा दिया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश के मुखिया होते हैं और कोई भी आम आदमी, कर्मचारी या अधिकारी अपनी समस्या को लेकर मुख्यमंत्री के पास जा सकता है। भाजपा सरकार ने कर्मचारियों को अपनी मांग रखने के बदले उनके खिलाफ अनुशासनहीनता की कार्रवाई की तलवार लटकाकर प्रदेश में नई परंपरा शुरू कर दी है।