दिल्ली में गरमाई प्रदेश कांग्रेस की सियासत, प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला से मिलने दिल्ली पहुंचे कई नेता
Himachal Congress Leader हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी राजीव शुक्ला 24 सितंबर को दो दिवसीय शिमला दौरे पर आ रहे हैं।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी राजीव शुक्ला 24 सितंबर को दो दिवसीय शिमला दौरे पर आ रहे हैं। उनके दौरे से पहले कांग्रेस पार्टी की सियासत गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस के दिग्गज नेता और विधायक राजीव शुक्ला से मिलने शनिवार शाम दिल्ली पहुंच गए। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, विधायक रामलाल ठाकुर, आशीष बुटेल, विनय कुमार और कांग्रेस महासचिव महेश्वर चौहान ने भी उनसे दिल्ली में मुलाकात की।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर भी शुक्ला से दिल्ली में मिले थे। इस मुलाकात के बाद उनका हिमाचल प्रदेश का दौरा तय हुआ है। राजीव शुक्ल ने प्रदेश के सभी नेताओं, विधायकों से प्रदेश के सियासी घटनाक्रम से लेकर संगठनात्मक गतिविधियों का फीडबैक लिया। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री के साथ विधायक विनय कुमार, आशीष बुटेल, महासचिव महेश्वर चौहान मौजूद थे, जबकि रामलाल ठाकुर और राठौर ने अकेले-अकेले मुलाकात की। राठौर जल्द ही दोबारा दिल्ली जाएंगे और राजीव शुक्ला के साथ 24 को वापस आएंगे।
पार्टी की मजबूती के लिए एकजुट होकर करें काम
सूत्रों के मुताबिक नए प्रभारी राजीव शुक्ला ने सभी कांग्रेस नेताओं से कहा कि वे मतभेद भुलाकर पार्टी को मजबूत करने के लिए एकजुट होकर कार्य करें। प्रदेश कांग्रेस पार्टी में गुटबाजी किसी से छिपी नहीं है। हाल ही में प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ कई नेताओं ने बगावत का झंडा बुलंद कर दिया था। मंडी के कई नेताओं को प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने पर कारण बताओ नोटिस भी जारी किए थे। नोटिस का जवाब आने के बाद भी इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। अब प्रदेश प्रभारी बदल गए हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में संगठन में कई बदलाव देखने को मिलेंगे।