Cloudburst Himachal: कुल्लू व भरमौर में बादल फटे, तीन महिलाएं मलबे में दबी, तस्वीरों में देखें किस तरह बह गए वाहन
Cloudburst In Himachal Pradesh हिमाचल प्रदेश में बारिश आफत बनकर बरसी। कुल्लू और चंबा में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। कुल्लू और मंडी में तीन महिलाएं मलबे में दब गईं। कई वाहन तिनकों की तरह बाढ़ में बह गए।
धर्मशाल, डिजिटल डेस्क। Cloudburst In Himachal Pradesh, हिमाचल प्रदेश में बारिश आफत बनकर बरसी है। कुल्लू और चंबा में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। कुल्लू में आनी के देयोठी गांव में नाले की बाढ़ में सात वाहन और पांच दुकानें बह गईं। आनी के च्वाई में भूस्खलन का मलबा घर में घुसने से नानी और दोहती की मौत हो गई। भरमौर में बादल पटने से प्रंघाला और आहला नाले में आई बाढ़ से मुख्य मार्ग भी बह गया है। मणिमहेश यात्रियों पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने दो से तीन दिन तक यात्रा न करने की अपील की है। शिमला के रामपुर में तीन कारें मलबे की चपेट में आ गईं। इसके अलावा नेरवा में नाले में आई बाढ़ में तीन कारें और एक पिकअप जीप बह गई। भारी बारिश व भूस्खलन के कारण प्रदेशभर में सैकड़ों मार्ग बंद हैं।
मनाली चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सात मील में भूस्खलन हुआ है, इससे यातायात बाधित हो गया। मनाली-लेह सड़क और तांदी -उदयपुर सड़क पर भूस्खलन का खतरा है। लाहुल स्पीति पुलिस ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों को अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की है।
मंडी जिला में बल्ह घाटी की सुकेती खड्ड में बाढ़ आने से कई गांव जलमग्न हो गए हैं। खेतों में पानी भर गया है, जिससे भारी नुकसान हुआ है। मंडी जिले के घ्राण में पत्थर गिरने से जीप क्षतिग्रस्त हो गई। कालका-शिमला एनएच पर सनवारा के समीप पहाड़ी से भूस्खलन होने के कारण सफर जोखिम भरा बना हुआ है।
सुंदरनगर के जंगमबाग में 4 घंटे तक एक बुजुर्ग महिला मलबे में फंसी रही। प्रशासन ने कड़ी मशक्कत के बाद 68 वर्षीय कुलवंती देवी को रेस्क्यू कर बीबीएमबी अस्पताल में उपचाराधीन किया है।
मंडी जिले के सिहंन में मलबा गिरने से क्षतिग्रस्त हुई कार। pic.twitter.com/ucHf3n0Muo— Hans Raj (@Hansraj047) August 11, 2022
बल्ह हलके के सिहंन गांव में भूस्खलन होने से एक स्कोडा कार मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गई। कंसा खड्ड में बाढ़ से डीएवी स्कूल नेरचौक की सुरक्षा दीवार गिर गई। बल्ह हलके के राजकीय प्राथमिक स्कूल भंगरोटू में बाढ़ का पानी व मलबा भर गया। आटोमोबाइल नगरी गुटकर में शोरूम खाली करवा दिए गए। जलभराव व बाढ़ के खतरे को देखते हुए संयुक्त कार्यालय भवन मंडी भी खाली करवा दिया गया।
यह भी पढ़ें: Kullu Cloudburst: कुल्लू के च्वाई में दीवार तोड़कर घर में घुसा मलबा, अंदर सो रही नानी-दोहती की मौत
यह भी पढ़ें: Himachal Weather: मंडी की सुकेती खड्ड में बाढ़ से कई गांव जलमग्न, भूस्खलन से मंडी-कुल्लू का संपर्क कटा
यह भी पढ़ें: Video: भरमौर में बादल फटने से प्रंघाला और आला नाले में आई बाढ़ से बह गया मार्ग, मणिमहेश यात्रियों पर रोक