सुविधाओं की कमी के बावजूद हिमाचल केंद्रीय विश्वविद्यालय अन्य यूनिवर्सिटी के लिए बन गया प्रेरणा स्रोत, जानिए
Himachal Pradesh Central University सीयू का एक प्रयास देश के अन्य विश्वविद्यालयों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय द्वारा इस वर्ष शुरू किए गए सेंटर फाॅर दीन दयाल उपाध्याय अध्ययन केंद्र व पीठ के आइडिया को देशभर में विश्वविद्यालय सराह रहे हैं।
धर्मशाला, मुनीष गारिया। स्थायी भवन का निर्माण न होने पाने और विद्यार्थियों व शोधार्थियों को मूलभूत सुविधाएं न मिलने के कारण हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय की देशभर में फजीहत हो रही है, इस बात से मुंह नहीं मोड़ा जा सकता। इसके बावजूद सीयू का एक प्रयास देश के अन्य विश्वविद्यालयों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय द्वारा इस वर्ष शुरू किए गए सेंटर फाॅर दीन दयाल उपाध्याय अध्ययन केंद्र व पीठ के आइडिया को देशभर में विश्वविद्यालय सराह रहे हैं।
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय व दिल्ली विश्वविद्यालय अब हिमाचल सीयू की तर्ज पर अपने यहां सेंटर फॉर दीन दयाल उपाध्याय केंद्र शुरू करने जा रहे हैं। इसके लिए वहां के प्रतिनिधि यहां आकर आइडिया एवं प्रारूप का अध्ययन कर रहे हैं। एक दो सालों में देश के इन बड़े संस्थानों में भी हिमाचल सीयू की तर्ज पर सेंटर फॉर दीन दयाल उपाध्याय केंद्र स्थापित होंगे।
यहां बता दें कि इस वर्ष सीयू ने स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज के तहत सेंटर फॉर दीन दयाल उपाध्याय केंद्र स्थापित किया है। यहां पीजी डिप्लोमा के साथ साथ एमफिल व पीएचडी करवाई जा रही है।
यही नहीं निदेशक प्रो. अरुण कुमार के नेतृत्व में सेंटर के प्राध्यापकों ने दीन दयाल उपाध्याय पर लिखी गई पुस्तकों की विब्लोग्राफी भी की है एवं एक पुस्तक बनाई है। इस पुस्तक में पंडित दीन दयाल उपाध्याय पर लिखी गई 300 पुस्तकों का समायोजित किया है।
इस पुस्तक के पढ़ने से छात्रों को दीन दयाल उपाध्याय पर आज दिन तक लिखी गई सभी पुस्तकों के बारे में जानकारी मिल सकेगी एवं उन्हें अधिक पुस्तकें नहीं खरीदनी पड़ेंगी। सीयू के इस सेंटर में पंडित दीन दयाल उपाध्याय की सोच व दृष्टिकोण और उसके वर्तमान में प्रभावों का अध्ययन करवाया जाता है।