Tulsi Ram Passed Away: पूर्व विधानसभा अध्यक्ष पंडित तुलसी राम का निधन, जानिए राजनीतिक सफर
Pandit Tulsi Ram Passed away हिमाचल प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष पंडित तुलसी राम का रात को 11 बजे निधन हो गया। वह बालाजी अस्पताल कांगड़ा में उपचाराधीन थे। तुलसी राम भरमौर के विधायक रह चुके हैं व अभी काफी समय से पालमपुर में ही रह रहे थे।
कांगड़ा/भरमौर, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष पंडित तुलसी राम का 78 साल की उम्र में रात 11 बजे निधन हो गया। वह बालाजी अस्पताल कांगड़ा में उपचाराधीन थे। तुलसी राम भरमौर के विधायक रह चुके हैं व अभी काफी समय से पालमपुर में ही रह रहे थे। बताया जा रहा है वह कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे, इस कारण कांगड़ा के निजी अस्पताल में उपचाराधीन किया गया था, जहां सोमवार रात को उनकी मौत हो गई।
उनके निधन से भाजपा को बड़ा आघात हुआ है। वह भाजपा के वरिष्ठ नेता थे। इस बार उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा था व उनकी जगह जिया लाल को पार्टी का टिकट मिला था, जिन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी ठाकुर सिंह भरमौरी को हरा कर जीत हासिल की थी।
भरमौर में होगी अंत्येष्टि
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष तुलसी राम का कांगड़ा के निजी अस्पताल में सोमवार रात 11 बजे निधन हो गया, उनका शव रात को ही पैतृक गांव भरमौर ले जाया गया था। पालमपुर के तहसीलदार वेद प्रकाश अग्निहोत्री ने उनकी पत्नी लीला देवी, बेटे संजीव व हरि शरण, बेटियां सुशमा व राखी भी भरमौर रवाना हो गए हैं।
पंडित तुलसीराम का राजनीतिक सफर
पंडित तुलसीराम जिला चंबा के भरमौर के रहने वाले थे, उन्होंने वर्ष 1990 में भरमौर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ा व जीत हासिल की। इसके बाद वर्ष 1998 तथा वर्ष 2007 में भी उन्होंने चुनाव जीतकर भरमौर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। इन्हें वर्ष 2008 में हिमाचल प्रदेश विधानसभा का अध्यक्ष चुना गया था। इसके बाद वे चुनाव नहीं लड़े। पंडित तुलसीराम वर्तमान में जिला कांगड़ा के पालमपुर में अपने मकान में रह रहे थे। पंडित तुलसीराम के दो बेटे और दो बेटियां हैं, उनकी पत्नी भरमौर से जिला पार्षद रह चुकी हैं, उनके निधन से भाजपा कार्यकर्ताओं व क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष पंडित तुलसी राम के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष पंडित तुलसी राम के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और शोकाग्रस्त परिवार को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।