वॉल्वो बस में सवार मुंबई के युवक से चरस की बड़ी खेप बरामद, पुलिस टीम ने किया गिरफ्तार
पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत लगातार एक के बाद एक तस्करों की गिरफ्तारी की जा रही है।
कुल्लू, जेएनएन। पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत लगातार एक के बाद एक तस्करों की गिरफ्तारी की जा रही है। इसी के तहत शनिवार देर रात को भुंतर पुलिस ने बजौरा में नाकाबंदी के दौरान मुंबई के एक युवक से 506 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार देर रात को बजौरा चेक पोस्ट पर टीम ने नाकाबंदी कर रखी थी, उसी दौरान कुल्लू से मंडी को ओर जा रही वॉल्वो बस एचआर 38 जेड 2432 को जांच के लिए रोका। बस की तलाशी के दौरान इसमें सवार युवक अंस्टों दकन्हा ईस्ट मुंबई के पास 506 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक कुल्लू गौरव सिंह ने बताया कि भुंतर पुलिस थाना के तहत मामला दर्ज कर छानबीन करनी आरंभ कर दी है।
वॉल्वो बस में होती है चरस तस्करी
कुल्लू जिला से ज्यादातर चरस सहित अन्य मामले वॉल्वो बस में पाए गए हैं। तस्कर व नशेड़ी बाहरी राज्यों से घूमने के नाम पर यहां आते हैं और वापसी में पर्यटकों के साथ टूरिस्ट बसों में सवार होकर नशे की खेप के साथ चलते बनते हैं। लेकिन पुलिस को अब इनके मंसूबों की भनक लग गई है। अब पुलिस वाॅल्वो व टूरिस्ट बसों की जरूर जांच करते हैं।
अब तक पकड़ी गई चरस
वर्ष 2019 के जनवरी से जून तक के 6 महीनों में कुल 43 किलो चरस बरामद की गई थी, जबकि इस वर्ष सिर्फ 53 दिन में ही 50 किलो चरस बरामद की जा चुकी है। कुल्लू पुलिस द्वारा जुलाई 2019 से अब तक करीब 159 किलोग्राम चरस बरामद की गई है। पुलिस चरस तस्करी के कई आरोपितों के खिलाफ मामले दर्ज कर सलाखों के पीछे धकेल चुकी है। इतना ही नहीं इनमें से पांच चरस तस्करी के आरोपितों की 50 लाख से ज्यादा की संपत्ति जब्त भी की गई है।