Himachal Panchayat Chunav: पहले चरण में कल 17 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मतदान, 12 हजार पुलिस कर्मी तैनात
Himachal Panchayat Chunav हिमाचल प्रदेश में शहरी निकायों के बाद अब त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव 17 19 और 21 को तीन चरणों में होंगे। पहले चरण के लिए शुक्रवार शाम चार बजे चुनाव प्रचार थम गया है।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। Himachal Panchayat Chunav, हिमाचल प्रदेश में शहरी निकायों के बाद अब त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव 17, 19 और 21 को तीन चरणों में होंगे। पहले चरण के लिए शुक्रवार शाम चार बजे चुनाव प्रचार थम गया है। आज यानी शनिवार को प्रत्याशी व्यक्तिगत तौर पर लोगों से संपर्क साधेंगे। कुल मिलाकर तीनों चरणों में 51.50 लाख मतदाता उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। राज्य निर्वाचन अधिकारी संजीव महाजन ने बताया कि पहले चरण में 17 लाख से अधिक वोटर मत का प्रयोग करेंगे। रविवार को सुबह आठ बजे से दोपहर बाद चार बजे तक मतदान होगा।
1100 से अधिक पंचायतों में वोटर प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य चुन सकेंगे। 80 से अधिक जिला परिषद सदस्यों व 550 से अधिक पंचायत समिति सदस्यों के लिए वोट डाले जाएंगे। बारह हजार पुलिस कर्मी, गृह रक्षक चुनावी ड्यूटी निभाएंगे। एआइजी हेडक्वार्टर ने बताया कि पुलिस स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव करवाना सुनिश्चित करवाएगी।