हिमाचल के होटल संचालकों के आए अच्छे दिन, वीकेंड पर पड़ोसी राज्यों के पर्यटक पहुंचे, ऑनलाइन बुकिंग शुरू
Himachal Tourism हिमाचल प्रदेश में कोरोना संकट के बीच पर्यटन कारोबार उभरने लगा है। मिनी ल्हासा यानी मैक्लोडगंज के होटल संचालकों के अच्छे दिन आने लगे हैं।
धर्मशाला, राजेंद्र डोगरा। हिमाचल प्रदेश में कोरोना संकट के बीच पर्यटन कारोबार उभरने लगा है। मिनी ल्हासा यानी मैक्लोडगंज के होटल संचालकों के अच्छे दिन आने लगे हैं। आलम यह है कि प्रदेश सरकार की ओर से राज्य की सीमाएं खोलने के साथ ही पंजाब के पर्यटकों ने दस्तक देनी शुरू कर दी है और वीकेंड पर शनिवार को होटलों में 30 फीसद तक कमरे बुक रहे। हालांकि रविवार को संख्या कम हो गई। लेकिन सीमाएं खुलने के साथ जैसे ही मैक्लोडगंज में पंजाब के पर्यटकों ने रुख किया है, उससे होटलों संचालकों को उम्मीद है कि जल्द ही पर्यटकों की संख्या बढ़ जाएगी और उन्हें जो नुकसान हुआ है, उसकी कुछ भरपाई होनी भी शुरू हो जाएगी।
होटल कारोबारियों के मुताबिक देश व प्रदेश में बढ़े कोरोना संक्रमितों के मामलों की वजह से अभी पर्यटक भी खौफजदा हैं। लेकिन अब पहाड़ पर पर्यटकों के आने की शुरुआत हो गई है और अक्टूबर के लिए हरियाणा व दिल्ली के पर्यटक भी ऑनलाइन होटल संचालकों से जानकारी लेनी शुरू कर दी है। जिससे संचालकों को उम्मीद है कि अक्टूबर से पर्यटकों की संख्या और बढ़ जाएगी। हालांकि मैक्लोडगंज की ओर ज्यादातर पर्यटक वीकेंड पर ज्यादा आते हैं, क्योंकि इस दौरान दो से तीन दिन का समय पर्यटकों को भ्रमण के लिए मिल जाता है।
अक्टूबर-नवंबर के लिए मुंबई व बेंगलुरू के पर्यटकों की ऑनलाइन बुकिंग
अक्टूबर-नवंबर माह के लिए मुंबई व बेंगलुरु के पर्यटकों की ऑनलाइन बुकिंग आनी शुरू हो गई है। वहीं कुछेक होटल संचालकों के पास पश्चिम बंगाल के पर्यटकों की भी बुकिंग अक्टूबर माह के लिए है, क्योंकि अक्टूबर में पश्चिम बंगाल के लोग दुर्गा पूजा पर्व मनाते हैं और उस समय वह पहाड़ में भ्रमण के लिए पहुंचते हैं।
वीकेंड पर पहुंचा पर्यटक : नेहरिया
प्रवक्ता होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन धर्मशाला स्मार्ट सिटी विशाल नेहरिया वीकेंड के बीते शनिवार को पंजाब के पर्यटक मैक्लोडगंज पहुंचे थे और शनिवार को 30 फीसद तक होटलों के कमरों की बुकिंग थी। हालांकि रविवार को यह संख्या कम हुई है। अभी तक अन्य राज्यों के पर्यटक केवल ऑनलाइन ही जानकारी हासिल कर रहे हैं।
करीब छह सौ पर्यटक पहुंचा : बांबा
होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन धर्मशाला के अध्यक्ष अश्वनी बांबा का कहना है शनिवार को 10 से 15 फीसद तक बुकिंग थी। शनिवार को मैक्लोडगंज में करीब 500 से 600 पर्यटक पंजाब से पहुंचा है। अक्टूबर के लिए मुंबई व बेंगलरू के पर्यटकों की ऑनलाइन बुकिंग है, जबकि पश्चिम बंगाल के पर्यटकों की भी कुछेक होटल संचालकों को बुकिंग है। लेकिन जब तक वोल्वो बसें शुरू नहीं होंगी तब तक पर्यटक उतनी ज्यादा संख्या में नहीं पहुंचेगा।