हिमाचल सरकार के तीन साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में राजनाथ सिंह और अनुराग वर्चुअली जुड़े
Himachal Govt Anniversary हिमाचल सरकार के तीन साल का कार्यकाल पूरा होने पर पीटरहाफ में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नई दिल्ली से केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ प्रदेश के युवा नेता एवं मोदी सरकार में वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
शिमला, जेएनएन। हिमाचल सरकार के तीन साल का कार्यकाल पूरा होने पर राज्य अतिथि गृह पीटरहाफ में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नई दिल्ली से केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ प्रदेश के युवा नेता एवं मोदी सरकार में वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। दिल्ली में अनुराग ठाकुर ने राजनाथ सिंह का हिमाचल की परंपरा के मुताबिक टोपी व शाल पहनाकर सम्मान किया।
राजनाथ सिंह ने कहा कृषि कानूनों को लेकर कांग्रेस किसानों काे गुमराह कर रही है। किसानों के हितों के साथ लगातार खिलवाड़ किया गया है। मोदी सरकार ने किसानों के हित में कदम उठाया है। नरसिंभा राव की सरकार में आर्थिक सुधार शुरू हुए थे, उनके परिणाम आने में भी समय लगा था। इसलिए कुछ इंतजार करना जरूरी है। कृषि कानूनों के परिणाम सामने आएंगे।
हिमाचल में पर्यटन व्यवसाय को बढ़ावा मिला है। अटल व धूमल के समय में प्रदेश में सड़कों का जाल बिछना शुरू हुआ था, उसे जयराम सरकार ने गति दी है।