24 घंटे में कांगड़ा के तीन अस्पतालों में उपचाराधीन सात काेरोना संक्रमित मरीजों की मौत, पढ़ें खबर
Himachal Coronavirus Update जिला कांगड़ा में वीरवार को तीन अस्पतालों में कोरोना संक्रमित सात लोगों की मौत हुई है जबकि सात लोग कोरोना पॉजिटिव आए हैं। मृतकों में जिला हमीरपुर के गांव तरोपका डाकघर बिझड़ की 75 वर्षीय महिला जो 21 सितंबर को टांडा में दाखिल की गई थी।
धर्मशाला, जागरण संवाददाता। जिला कांगड़ा में वीरवार को तीन अस्पतालों में कोरोना संक्रमित सात लोगों की मौत हुई है, जबकि सात लोग कोरोना पॉजिटिव आए हैं। मृतकों में जिला हमीरपुर के गांव तरोपका, डाकघर बिझड़ की 75 वर्षीय महिला, जो 21 सितंबर को टांडा में दाखिल की गई थी, उसकी बुधवार रात को टांडा में मौत हो गई। ट्रूनेट टेस्ट में महिला कोरोना संक्रमित पाई गई थी।
जवाली तहसील का 78 वर्षीय व्यक्ति जो टांडा में बुधवार को दाखिल किया गया था, उसकी भी रात करीब दो बजे मौत हो गई। ट्रूनेट में यह व्यक्ति भी कोरोना संक्रमित पाया गया। जोनल अस्पताल धर्मशाला में जिला चंबा के सलूणी उपमंडल के सुंडला क्षेत्र के रेफर किए गए 74 वर्षीय व्यक्ति की बुधवार देर रात मौत हो गई। जिला मंडी के लडभड़ोल के 63 वर्षीय व्यक्ति जो सलियाणा में ठहरा हुआ था, उसकी पालमपुर सिविल अस्पताल में मौत हो गई।
हमीरपुर का एक 69 वर्षीय व्यक्ति 22 सितंबर को टांडा में बुखार और सांस की तकलीफ के कारण दाखिल किया गया था। ट्रूनेट में वह भी कोरोना संक्रमित पाया गया और वीरवार सुबह उसकी मौत हो गई। वहीं गांव बड़ाई, डाकघऱ सुनेहड़ की 70 वर्षीय महिला भी वीरवार सुबह टांडा में दाखिल की गई थी, जो कि ट्रूनेट परीक्षण में कोरोना संक्रमित पाई गई और वीरवार सुबह साढ़े 9 बजे उसकी मौत हो गई। 58 वर्षीय नेहरपुखर देहरा निवासी सिविल अस्पताल देहरा में 22 सितंबर को दाखिल किया गया था। शाम पांच बजे व्यक्ति की मौत हो गई। ट्रूनेट टेस्ट में कोरोना पॉजिटिव आया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया इन कुल सात मौतों में एक जिला चंबा में गिनी जाएगी, जबकि छह जिला कांगड़ा में गिनी जाएंगी। उन्होंने बताया अब तक संक्रमित कुल मामले 1966 हो गए हैं, जबकि एक्टिव केस 484 तथा जिला में कोरोना से 37 मौतें हो चुकी हैं।
सात लोग हुए काेरोना पॉजिटिव
कांगड़ा निवासी 42 वर्षीय व्यक्ति, बड़ी सुनेहड़ निवासी 70 वर्षीय महिला, एमएच योल में 42 वर्षीय महिला, 27 वर्षुय पुरुष, डाढ निवासी 75 वर्षीय महिला व 83 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव आए हैं, जिन्हें आइसोलेशन में रखा गया है।