नगर निगम चुनाव में पार्टी विरोधी काम करने वालों पर कांग्रेस करेगी कार्रवाई, तीन जिला अध्यक्षों से मांगी रिपोर्ट
Himachal Congress नगर निगम चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्रवाई करने की तैयारी में है। संगठनात्मक स्तर पर तैयारी शुरू हो गई है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कांगड़ा सोलन और मंडी के जिला अध्यक्षों से रिपोर्ट मांगी है।
शिमला, जेएनएन। नगर निगम चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्रवाई करने की तैयारी में है। संगठनात्मक स्तर पर तैयारी शुरू हो गई है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कांगड़ा, सोलन और मंडी के जिला अध्यक्षों से रिपोर्ट मांगी है। इसमें पूछा है कि जिन पदाधिकारियों की चुनाव में ड्यूटी लगाई गई थी, उनकी क्या परफॉर्मेंस रही है। क्या ये लोग चुनाव के दौरान वहां पर आए भी या नहीं। इसी तरह की एक रिपोर्ट सभी पर्यवेक्षकों से भी मांगी गई है। दोनों को ही अलग-अलग रिपोर्ट देनी होगी।
चुनाव में जिनकी ड्यूटी लगी थी उनके अलावा स्थानीय नेताओं और पदाधिकारियों के प्रदर्शन का भी आकलन किया जाएगा। यदि कोई कार्यकर्ता या पदाधिकारी चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल पाया गया तो उसे छह साल के लिए संगठन से निष्कासित किया जाएगा। जिन कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने चुनाव में सराहनीय कार्य किया है, उन्हें भविष्य में संगठन में अहम पद दिया जा सकता है।