कुलदीप राठौर बोले, उपचुनाव की टिकट के लिए तीन दिन में करें आवेदन, जयराम और सत्ती को दी यह चेतावनी
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस पूरी तरह से तैयार है और एकजुट है।
शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस पूरी तरह से तैयार है और एकजुट है। उन्होंने कहा मंगलवार तक धर्मशाला और पच्छाद से विधानसभा उपचुनाव लड़ने के लिए आवेदन किया जा सकता है। इसके लिए इस बार कोई भी राशि निर्धारित नहीं की गई है, जबकि विधानसभा चुनाव के दौरान आवेदन के लिए 50000 की राशि निर्धारित की गई थी।
राठौर ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती को चेतावनी जारी की है कि वह जुबान पर नियंत्रण रखें। शिमला में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि इतिहास को झूठा बता कर नया इतिहास रचने का प्रयास किया जा रहा है और भाजपा सोची समझी साजिश के तहत कांग्रेस से जुड़े स्वतंत्रता सेनानियों और पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू और अन्य नेताओं पर निशाना साध रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और सतपाल सत्ती को खुली चेतावनी दी कि वह खुले मंच पर आए और स्वतंत्रता संग्राम और स्वतंत्रता में दिए गए योगदान पर उनके साथ बहस कर सकते हैं। उन्होंने कहा पाकिस्तान के प्रति प्रेम भाजपा के नेताओं, पूर्व प्रधानमंत्री और वर्तमान प्रधानमंत्री का रहा है, जबकि स्वर्गीय इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान को कड़ा सबक सिखाते हुए उसके दो टुकड़े किए, जिससे बांग्लादेश बना।