Cabinet Decision: जल शक्ित विभाग में भरे जाएंगे 2322 पद, शाहपुर नगर पंचायत व सरकाघाट नगर परिषद बनी
Himachal Cabinet Decision हिमाचल प्रदेश केबिनेट की बैठक में जल शक्ित विभाग में 2322 पद भरने की मंजूरी दी गई है।
शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश केबिनेट की बैठक में जल शक्ित विभाग में 2322 पद भरने की मंजूरी दी गई है। 718 पैरा पंप ऑपरेटर्स 162 पैरा फीटर, 1442 मल्टी पर्पज वर्कर्स की भर्ती की जाएगी, इनके लिए पैरा वर्कर पॉलिसी बनाई गई है। 486 पेयजल योजना व सिंचाई योजना में कार्यरत होंगे। झंडूता विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग का नया डिविजन कार्यालय स्वीकृत किया है। बरठी, झंडूता और करोल सब डिविजन इसमें शामिल किए जाएंगे। 108 एंबुलेंस के सही परिचालन के लिए सरकार अतिरिक्त आर्थिक सहायता करेगी।
जिला कांगड़ा के शाहपुर को नगर पंचायत बनाने की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके अलावा सरकाघाट नगर पंचायत को नगर परिषद में अपग्रेड किया गया है। कोरोना संक्रमण के कारण लगे लॉकडाउन में फूल उत्पादकों को बहुत नुकसान हुआ है। सरकार ने इनकी सहायता के लिए चार करोड़ स्वीकृत की है। 2020-21 की टोल पॉलिसी में राहत दी है। बहुतनीकी कॉलेज सुंदरनगर और रोहड़ू में लेक्चरर के पद भरेंगे।
पंचायत चुनाव व पुर्नसीमांकन को लेकर प्रेजेंटेशन दी गई है। सीएम जयराम ठाकुर इस पर निर्णय लेंगे। केबिनेट ने उन्हें इस पर उचित निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया है। नगर परिषद व नगर निगम बनाने के प्रस्तावों पर संबंधित उपायुक्तों से चर्चा के बाद फैसला लिया जाएगा। मानसून सत्र पर निर्णय संसद के सत्र को लेकर स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही लिया जाएगा।
तीन मंत्री रहे अनुपस्थित
केबिनेट बैठक में तीन मंत्री अनुपस्थित रहे। एक मंत्री कोरोना संक्रमित हैं व दो क्वारंटाइन हैं। नवनियुक्त मंत्री सुखराम चौधरी और राकेश पठानिया भी बैठक में शामिल नहीं हो सके। सुखराम चौधरी संक्रमित हैं व उनका उपचार चल रहा है। इसके अलावा गोविंद ठाकुर और राकेश पठानिया क्वारंटाइन हैं।