Himachal By Elections: फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र और मंडी संसदीय क्षेत्र में एक साथ हो सकते हैं उपचुनाव
Himachal By Elections हिमाचल प्रदेश निर्वाचन विभाग फतेहपुर विधानसभा और मंडी लोकसभा सीट पर एक साथ उपचुनाव करवाने का पक्षधर है। सूत्रों के अनुसार इस संबंध में भारतीय चुनाव आयोग को पत्र लिखा जा रहा है। इसकी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
शिमला, राज्य ब्यूरो। Himachal By Elections, हिमाचल प्रदेश निर्वाचन विभाग फतेहपुर विधानसभा और मंडी लोकसभा सीट पर एक साथ उपचुनाव करवाने का पक्षधर है। सूत्रों के अनुसार इस संबंध में भारतीय चुनाव आयोग को पत्र लिखा जा रहा है। इसकी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। ये पत्र मंडी के जिला निर्वाचन अधिकारी से लिखित पत्र मिलने के बाद चुनाव आयोग को भेजा जाएगा। बुधवार को सांसद राम स्वरूप शर्मा की मौत के बाद मंडी संसदीय सीट खाली हो गई है। नियमों के अनुसार आगामी छह माह में भारतीय चुनाव आयोग को उपचुनाव करवाना आवश्यक है। उधर, 12 फरवरी को कांग्रेस विधायक सुजान सिंह पठानिया के निधन के कारण खाली हुई फतेहपुर विधानसभा सीट के लिए भी उपचुनाव होना है।
रात्रि भोज स्थगित, जयराम आज पहुंचेंगे जोगेंद्रनगर
भाजपा सांसद रामस्वरूप शर्मा के निधन के बाद बुधवार को शिमला पीटरहॉफ में होने वाला रात्रि भोज स्थगित कर दिया। विधानसभा बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री की ओर से दिया जाने वाला रात्रि भोज प्रस्तावित किया गया था। जिसमें में सत्ता व विपक्ष के सभी विधायक शामिल होते हैं। वीरवार को मुख्यमंत्री सुबह जोगेंद्रनगर में सांसद रामस्वरूप शर्मा के अंतिम संस्कार में शामिल हुए।