पर्यटन नगरी मनाली में भी बिछी बर्फ की मोटी चादर, आधी रात तक बर्फ में फंसे रहे पर्यटक, देखिए तस्वीरें
Snowfall In Manali हिमाचल प्रदेश में तीन दिन से जारी बर्फबारी और बारिश के दौर के बीच सुबह कुछ देर के लिए धूप निकली। धूप खिलते ही बर्फ से ढके पर्यटन नगरी मनाली के पहाड़ खिल उठे। मनाली में पांच इंच बर्फ गिरी है
मनाली, जागरण संवाददाता। Snowfall In Manali, हिमाचल प्रदेश में तीन दिन से जारी बर्फबारी और बारिश के दौर के बीच सुबह कुछ देर के लिए धूप निकली। धूप खिलते ही बर्फ से ढके पर्यटन नगरी मनाली के पहाड़ खिल उठे। मनाली में पांच इंच बर्फ गिरी है, जबकि जिला मुख्यालय केलंग में एक फीट से अधिक बर्फ गिरी है। रोहतांग दर्रे के दोनों ओर लाहुल व मनाली में जनजीवन प्रभावित हुआ है। पर्यटन नगरी में बिजली रात से ही गुल है, जबकि पानी भी जम गया है, जिससे जल आपूर्ति प्रभावित हुई है। लाहुल घाटी में भी जगह-जगह बिजली की तारें टूट गई हैं तथा पानी आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। रात भर हुई भारी बर्फबारी के बाद सुबह धूप खिलते ही घाटी निखर उठी जबकि ठंड से भी राहत मिल गई है।
लाहुल घाटी के ग्रामीण क्षेत्रों में डेढ़ से ढाई फीट तक बर्फबारी हुई है। अटल टनल के नार्थ पोर्टल और सिस्सू में ढाई फीट बर्फ जमा हुई है। बर्फबारी से वाहनों की रफ्तार ठप हो गई है। बस सेवा तीन दिन से प्रभावित है। कोई भी छोटे बड़े वाहन नहीं चल रहे हैं।
मौसम खुलने से तीन दिन बाद लोग घरों से बाहर निकले हैं। भारी बर्फबारी से हिमखंड गिरने की भी आशंका बढ़ गई है। उपायुक्त लाहुल स्पीति नीरज कुमार ने कहा कि समस्त घाटी में भारी बर्फबारी हुई है लेकिन धूप खिलने से जन जीवन जल्द ही पटरी पर लौट आएगा।
मौसम खुलते ही बीआरओ ने भी सड़कों की बहाली शुरू कर दी है। बीआरओ मनाली से दारचा व तांदी से संसारी मार्ग को प्राथमिकता में बहाल करेगा। 70 आरसीसी की टीम मनाली से केलंग दारचा व 94 आरसीसी की टीम तांदी से संसारी मार्ग बहाली में जुट गई है। बीआरओ कमांडर कर्नल शबरिश वाचली ने बताया कि सड़कों की बहाली शुरू हो गई है।
आधी रात तक सड़कों में फंसे रहे पर्यटक
बुधवार रात को भारी बर्फ़बारी होने से मनाली में जगह-जगह पर्यटक वाहन सड़क में फंस गए। वाहनों के बर्फ में फंसने से लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। सोलंगनाला से लेकर 15 मील तक वाहन सड़कों में फंसे रहे, जिस कारण पर्यटक आधी रात को अपने होटलों में पहुंच पाए। पर्यटकों सहित स्थानीय लोगों को भी दिक्कत का सामना करना पड़ा। मनाली के एसडीएम डाक्टर सुरेंद्र ठाकुर ने बताया बर्फ़बारी से रात को दिक्कत हुई है। लेकिन मौसम साफ होने के बाद हालात सामान्य होने लगे हैं।