Snowfall in Himachal: लाहुल घाटी में भारी बर्फबारी, अटल टनल के दोनों छोर भी हुए बंद; देखिए तस्वीरें
Snowfall in Himachal हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्र में बुधवार रात को भारी बर्फबारी हुई है। जनजातीय जिला लाहुल स्पीति में भारी हिमपात होने से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। लाहुल की समस्त घाटी में एक फीट से डेढ़ फीट के बीच बर्फबारी हुई है।
केलंग/धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्र में बुधवार रात को भारी बर्फबारी हुई है। जनजातीय जिला लाहुल स्पीति में भारी हिमपात होने से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। लाहुल की समस्त घाटी में एक फीट से डेढ़ फीट के बीच बर्फबारी हुई है। घाटी में रातभर बर्फ़बारी का क्रम चलता रहा। धौलाधार की पहाडि़यां बर्फ से लद गई हैं। कुल्लू, किन्नौर व सिरमौर की पहाडि़यों पर भी भारी बर्फबारी हुई है। लाहुल घाटी के सभी मुख्य मार्ग व संपर्क मार्ग बर्फबारी से बंद हो गए हैं।
अटल टनल के दोनों छोर में भी भारी बर्फबारी हुई है, जिससे लाहुल घाटी का मनाली से संपर्क कट गया है। लगातार जारी बर्फबारी के कारण लाहुल घाटी के लोग घरों में कैद हो गए हैं। वीरवार सुबह मैदानी इलाकों में धूप खिल उठी है। लेकिन ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्र में अभी भी बादल छाए हैं।
मनाली-केलंग मार्ग पर बुधवार दोपहर बाद से वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। घाटी के मुख्य मार्ग केलंग सिस्सु, केलंग दारचा, केलंग उदयपुर भारी बर्फबारी से बद हो गए हैं। वीरवार सुबह भी घाटी में हल्के हिमपात का क्रम जारी रहा। ग्रामीण दोरजे, राहुल, टशी व पलजोर ने बताया कि भारी बर्फबारी के कारण उनके घरों के आगे बर्फ के ढेर लग गए हैं। ग्रामीण सुबह से बर्फ हटाने में जुटे हुए हैं। लाहुल के रशाल गांव में भी भारी बर्फबारी हुई है।
बीआरओ भी मौसम खुलने का इंतजार कर रहा है। बीआरओ के एक अधिकारी ने बताया कि मौसम खुलते ही सभी मुख्य मार्ग पर बीआरओ सड़क बहाली शुरू कर देगा। उन्होंने बताया कि केलंग सिस्सु, केलंग दारचा व केलंग उदयपुर मार्ग प्राथमिकता में बहाल किया जाएगा।
उपायुक्त लाहुल स्पीति पंकज राय ने बताया घाटी में भारी बर्फबारी होने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि मौसम साफ होने तक घरों से बाहर न निकलें। उन्होंने कहा प्रशासन सभी परिस्थितियों पर नजर रखे हुए है।