मनाली-चंडीगढ़ हाईवे पर चट्टानें दरकने से रातभर फंसे रहे सैकड़ों वाहन, एकतरफा यातायात बहाल, खतरा बरकरार
Manali Chandigarh Highway चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग देर रात को जोगणी माता मंदिर पास के भारी भूस्खलन होने के कारण बंद हो गया था जिसे रविवार सुबह बहाल किया गया है।
मंडी, जेएनएन। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग देर रात को जोगणी माता मंदिर पास के भारी भूस्खलन होने के कारण बंद हो गया था, जिसे रविवार सुबह बहाल किया गया है। सुबह प्रशासन ने इसे एक तरफ से बहाल कर दिया है। कुल्लू की तरफ से आ रहे बड़े वाहनों को पहले भेजा गया, जबकि मंडी की ओर से जा रहे वाहनों को बाद में। रातभर से मार्ग बंद होने के कारण सैकड़ों वाहन फंसे पड़े हैं। अभी भी 100 से 150 मीटर सड़क पर पहाड़ी से भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। वहीँ मंडी से कुल्लू जाने वाले हल्के वाहन कटौला की ओर से भेजे जा रहे थे।
देर शाम आठ बजे के करीब एकाएक ही पहाड़ी से भूस्खलन होने लगा और चट्टाने और मलबा सड़क पर आ गया। इस कारण दोनों और वाहनों की लाइनें लग गई। निजी वाहनों सहित सरकारी बसें औट फोरलेन के काम में लगे वाहन भी फंस गए। भूस्खलन होने की सूचना मिलते ही प्रशासन ने मौके के लिए राहत टीम रवाना कर दी, लेकिन भूस्खलन अधिक होने के कारण रात तक मार्ग बहाल नहीं किया जा सका। ऐसे में कुल्लू से मंडी आने वाले वाहनों को वाया कटोला भेजा गया है, जबकि मंडी से कुल्लू की ओर गए वाहन रास्ते में फंसे रहे। इससे पहले भी उक्त क्षेत्र पर भारी भूस्खलन हो चुके हैं।