किन्नौर की पांगी पंचायत में बगीचे में बनाए घर पर पहाड़ी दरकी, एक की मौत Kinnaur News
जिला किन्नौर के ग्राम पंचायत पांगी में वीरवार सुबह पीरी नामक पहाड़ से अचानक पत्थरों के गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
रिकांगपिओ, जेएनएन। जिला किन्नौर के ग्राम पंचायत पांगी में वीरवार सुबह पीरी नामक पहाड़ से अचानक पत्थरों के गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान सुभाष निवासी नेपाल के रूप में हुई है। इस हादसे में एक डोगरी (बगीचे में वैकल्पिक घर) सहित सेब के बगीचों को भी नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे के करीब पांगी गांव के ऊपर पीरी पहाड़ से अचानक बड़े-बड़े पत्थर आैर मिट्टी गिरने लगी पहाड़ से पत्थरों के गिरने से जोर जोर से आवाजें भी आने लगी। इससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी सी मच गई।
इस हादसे में 40 वर्षीय व्यक्ति नेपाली मूल के सुभाष की मौत हो गई। व्यक्ति पांगी गांव के सनम गुरु की डोगरी में था कि अचानक पहाड़ी से भारी भारी पत्थरों के गिरने से डोगरी को तोड़कर उसे भी दो तीन खेत नीचे ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में सनम गुरु की दो मंजिली डोगरी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि पहाड़ का कुछ हिस्सा पांगी गांव के दूसरी तरफ गिरा नहीं तो इस हादसे से और अधिक जान व माल का नुकसान हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना रिकांगपिओ से थाना प्रभारी पद्म देव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार गोपाल मुखिया, कानूनगो कबीर सिंह व पटवारी शमशेर सिंह भी नुकसान का जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सुभाष के शव को कब्जे में लिया आैर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय चिकित्सालय रिकांगपिओ लाया गया। नायब तहसीलदार कल्पा गोपाल मुखिया ने बताया प्रशासन की ओर से मृतक के परिवार को 10 हजार रुपये की फोरी आर्थिक सहायता दी गई है। जबकि 3 लाख के करीब नुकसान आंका गया है।