महंगाई के मुद्दे पर वोट होते तो निकाय चुनाव में नहीं मिलता बहुमत : रणधीर
BJP Spokesperson Randhir Sharma वैश्विक महामारी कोरोना के कारण विश्वभर में महंगाई बढ़ी है और इससे हिमाचल की जनता भी भलीभांति परिचित है। विपक्ष आधारहीन मुद्दों को तूल देने का प्रयास कर गुमराह करने की कोशिश कर रहा है लेकिन प्रदेश की जनता जागरूक हो गई है।
धर्मशाला, जागरण संवाददाता। वैश्विक महामारी कोरोना के कारण विश्वभर में महंगाई बढ़ी है और इससे हिमाचल की जनता भी भलीभांति परिचित है। विपक्ष आधारहीन मुद्दों को तूल देने का प्रयास कर गुमराह करने की कोशिश कर रहा है लेकिन प्रदेश की जनता जागरूक हो गई है। महंगाई के मुद्दे पर चुनाव नहीं होते हैं। अगर ऐसा होता तो निकाय चुनाव में भाजपा को जनता बहुमत न देती। यह बात बुधवार को धर्मशाला में शुरू हुई भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के पहले दिन भाजपा प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत में कही। उन्होंने कहा, पहले दिन प्रदेश के 93 प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण दिया है।
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप, प्रदेश पार्टी प्रभारी अविनाश राय खन्ना, हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कुलदीप चंद अग्निहोत्री के अलावा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने अंत्योदय विचारधारा के तहत प्रदेश में छह साल में किए कार्यों के बारे में जानकारी दी। स्वास्थ्य मंत्री डा. राजीव सैजल ने दीनदयाल उपाध्याय के मानव दर्शन के बारे में बात रखी। रणधीर शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण हासिल करने वाले 20 से 25 फरवरी तक प्रदेश के चारों संसदीय क्षेत्रों में प्रशिक्षण देंगे।
25 फरवरी से पांच मार्च तक मंडलस्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम होंगे। भाजपा कार्यसमिति की बैठक की अध्यक्षता करने के लिए वीरवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आएंगे और वह बैठक के दौरान ग्रामसभा से विधानसभा तक मजबूती के लिए कार्यकत्र्ताओं में जोश भरेंगे। बैठक में बनने वाली रणनीति के हिसाब से काम किया जाएगा और 2022 में प्रदेश में भाजपा बहुमत के साथ रिपीट करेगी।
उन्होंने कहा, प्रदेश की जनता पूर्ण रूप से भाजपा के साथ है और इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है कि प्रदेश की 3570 पंचायतों में से 2370 में भाजपा समर्थित काबिज हुए हैं। इसके अलावा 29 नगर परिषद में से 18 में भाजपा, 21 नगर पंचायतों में से 13 में भाजपा, 78 ब्लॉक समितियों में से 68 में भाजपा और 11 जिला परिषदों में से नौ में भाजपा का कब्जा रहा है।
बकौल रणधीर, शिमला और कुल्लू में भाजपा इसलिए पिछड़ी है, क्योंकि अपने ही बागी नेता भाजपा प्रत्याशियों के सामने थे। भाजपा एकजुट होकर आगे भी लड़ाई लड़ेगी और प्रदेश की नगर निगमों में भी कब्जा जमाएगी। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के स्थायी कैंपस निर्माण के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर गंभीर हैं। विधानसभा चुनाव से पहले सीयू मामले के प्रत्यक्ष रूप से परिणाम सामने आएंगे।