शादी की रस्मों से कुछ देर पहले घर से लापता हुए दूल्हे का मनाली में नदी किनारे शव बरामद
मनाली के साथ लगते वशिष्ठ बिहाल में हेलीपैड के समीप पुलिस ने नदी से युवक का शव बरामद किया है।
मनाली, जेएनएन। मनाली के साथ लगते वशिष्ठ बिहाल में हेलीपैड के समीप पुलिस ने नदी से युवक का शव बरामद किया है। 30 वर्षीय कुलवंत उर्फ बीनू पुत्र मान चंद निवासी वशिष्ठ का रहने वाला था। ग्रामीणों के अनुसार बिनू की शुक्रवार को शादी थी। लॉकडाउन के कारण घर वाले कम लोगों को बुलाकर शादी कर रहे थे। सब ठीक चल रहा था। शुक्रवार को दूल्हा बनने जा रहा कुलवंत उर्फ बीनू सुबह सवेरे उठा और बिना किसी को बताए कहीं चला गया। अनहोनी से अनजान घर वालों ने समझा कि इधर उधर गया होगा।
घंटों बीत जाने के बाद भी जब कोई अता पता नहीं चला तो घर वाले परेशान हो उठे। उन्होंने रिश्तेदारों व आस पड़ोस को दूल्हे के गुम होने की जानकारी दी। ग्रामीण भी तलाश में जुट गए। लेकिन कहीं कोई पता नहीं चल सका। आज सुबह किसी ने ब्यास नदी में युवक का शव फ़ंसे होने की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने कुलवंत उर्फ बिनू का शव नदी से बरामद कर लिया। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
उधर, माता पिता को दूल्हा बनने जा रहे बेटे का शव मिलने की जानकारी मिली तो वे अपने सुध बुध खो बैठे हैं। स्वजन व रिश्तेदार उन्हें सांत्वना दे रहे हैं, जबकि पुलिस आगामी कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस इस वारदात को हत्या की आशंका से भी देख रही है।