बहन के पास आई नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपित दबोचा
15 वर्षीय नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोपित काे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
शाहपुर, जेएनएन। उपमंडल कांगड़ा के एक गांव से शाहपुर क्षेत्र में चचेरी बहन के पास रहने आई 15 वर्षीय नाबालिग लड़की से पठानकोट के एक युवक ने दुष्कर्म किया है। पीड़िता ने इस बाबत शिकायत पुलिस थाना शाहपुर में दर्ज करवा दी है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह मई 2018 में अपनी चचेरी बहन के पास शाहपुर क्षेत्र में रहने आई थी। बहन के घर में पठानकोट से 24 वर्षीय युवक भी रहने आया हुआ था। इस दौरान युवक ने मौका पाकर रात को उससे दुष्कर्म किया और इस बारे में किसी और को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के अनुसार, इसके बाद उसकी बहन जुलाई में पीड़िता और आरोपित को अमृतसर ले गई, जहां किराये का कमरा लेकर आरोपित ने फिर से दुष्कर्म किया। इसके बाद पीड़िता ने पूरी बात परिजनों को बताई और उन्होंने शाहपुर थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। उधर, प्रोवेशनल एचपीएस अधिकारी अनिल मेहता ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
दुराचार का प्रयास करने वाला आरोपित रिमांड पर
बैजनाथ के समीपवर्ती एक गांव में नाबालिग लड़की से दुराचार का प्रयास करने के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपित को पुलिस ने रविवार को कोर्ट में पेश किया। न्यायालय ने उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। बैजनाथ के डीएसपी प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपित को शनिवार को गिरफ्तार किया था।
विधवा से छेड़छाड़ आरोपित फरार
हलके की एक पंचायत में विधवा से छेड़छाड़ का मामला पुलिस थाना नगरोटा बगवां में दर्ज किया गया है। वारदात के बाद आरोपित चौकीदार रवि कुमार फरार हो गया है। पीड़िता ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह तहसीलदार कार्यालय नगरोटा बगवां में सफाई कर्मचारी है। राजस्व विभाग कार्यालय में तैनात चौकीदार रवि कुमार ने जबरन घर के कमरे में घुसकर उससे छेड़छाड़ की। पीड़िता के अनुसार शोर मचाने पर आरोपित रवि कुमार फरार हो गया। उधर इस बाबत हेड कांस्टेबल सुशील कुमार ने बताया कि आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।