मंत्री सरवीण चौधरी के पक्ष में उतरी महासभा, बोले- साजिश रचकर राजनीति से बाहर करना चाहते हैं कुछ लोग
Minister Sarveen Choudhary अखिल भारतीय घृत बाहती चांग महासभा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी के पक्ष में खड़ी हो गई है।
कांगड़ा, जेएनएन। अखिल भारतीय घृत बाहती चांग महासभा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी के पक्ष में खड़ी हो गई है। महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात चौधरी ने सरवीण चौधरी पर लगाए गए भूमि अधिग्रहण और बेनामी संपत्ति के आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया। कहा कुछ लोग उनके राजनीतिक जीवन को धूमिल करना चाहते हैं। साजिश रचकर उन्हें राजनीति से बाहर करना चाहते हैं।
महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात चौधरी ने कांगड़ा ब्लॉक के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा सरवीण चौधरी शाहपुर विधानसभा की लोकप्रिय विधायक हैं और भारतीय घृत बाहती चांग महासभा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। आज दिन तक उनके राजनीतिक और सामाजिक सेवाकाल पर कोई आरोप प्रत्यारोप सामने नहीं आया है।
संविधान में प्रत्येक नागरिक को संपत्ति खरीदने का अधिकार है। इसी संविधान के दायरे में रहकर उन्होंने एक बंजर भूमि की खरीदारी की है। उस संपत्ति का पर्याप्त मूल्य अदा किया गया है। इस बंजर जमीन पर वह प्रोजेक्ट लगाकर बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध करवाना चाहती हैं। कहा पूरी बिरादरी सरवीण चौधरी के साथ खड़ी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि कोई भी बड़ा कदम उठाने से पहले सरकार एक बार विचार जरूर कर ले। झूठे आरोपों की जांच करवाई जाए।