Ganesh Chaturthi 2021:जोगेंद्रनगर में सज गए पंडाल, आज भव्य शोभायात्रा के बाद गणपति होंगे विराजमान
गणेश चतुर्थी के उपलक्ष्य मे मंडी जिला में प्रथम अराध्य सिद्धि विनायक गणपति बप्पा के स्वागत के लिए समितियों का गठन कर पंडाल की सजावट का काम पूरा हो चुका है। आज शहर में गणेश प्रतिमा के साथ भव्य शोभा यात्रा के बाद मूर्ति स्थापना की जाएगी।
जोगेंद्रनगर, राजेश शर्मा। गणेश चतुर्थी के उपलक्ष्य मे मंडी जिला में प्रथम अराध्य सिद्धि विनायक गणपति बप्पा के स्वागत के लिए समितियों का गठन कर पंडाल की सजावट का काम पूरा हो चुका है। आज शहर में गणेश प्रतिमा के साथ भव्य शोभा यात्रा के बाद मूर्ति स्थापना की जाएगी। दस दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में सैंकड़ाें श्रद्धालु राजनेता और नामी हस्तियां शीश नवाज कर विघ्न हरता गणेश का आशीर्वाद हासिल करेंगे।
उपमंडल जोगेंद्रनगर में पांच से अधिक जगहों पर गणेश महोत्सव हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। इनमें शहर के मुख्य बाजार, पुराना पंजाब नैशनल बैंक के नजदीक और रामलीला मैदान में गणेश पूजा के चलते आकर्षक पंडाल स्थापित किए गए हैं। जहां पर गणेश महोत्सव की धूम रहेगी। इसके अलावा क्षेत्र के हराबाग, चैंतड़ा, सुकाबाग में भी गणेश चतुर्थी हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी।
जानकारी के अनुसार पूर्व मंत्री ठाकुर गुलाब सिंह, विधायक प्रकाश राणा, जिला भाजपा महामंत्री पंकज जम्वाल, हस्तरेखा विशेषज्ञ कैप्टन लेख राज शर्मा सहित अनेकों गणमान्य समारोह में शिरकत कर श्रद्धालुओं और आयोजकों का मनोबल बढ़ाएगें। सुरक्षा के चलते पुलिस और प्रशासन ने भी पुख्ता प्रबंध किए हैं। रोजाना रात्रिकालीन संध्याओं के लिए प्रदेश के सुप्रसिद्ध भजन गायकों को भी आमंत्रित किया गया है।
यह है गणेश चतुर्थी का महत्व
सर्वाधिक विविधतापूर्ण आकृतियों में पूजे जाने वाले गजानन महाराज भारतीय समाज में बेहद गहराई से पैठे हुए हैं। हम सभी पर ऐसे सार्वदेशिक लोकप्रिय देवता गजानन महाराज की कृपादृष्टि हमेशा बनी रहे और विघ्नहर्ता के आशीर्वाद से हमारे जीवन की सारी विघ्नबाधाएं दूर हो जाएं ऐसी प्रार्थना के साथ विघ्नहर्ता गणेश का दस दिवसीय जन्मोहत्सव भाद्रपद महीने के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी में समूचे प्रदेश और देश में मनाया जाता है। भले ही इस आयोजन का शुभारंभ लोकमान्य बालगंगाधर तिलक ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान महाराष्ट्रसे किया था। लेकिन आज यह महोत्सव पूरे देश और प्रदेश में मनाया जा रहा है।