अम्ब में फर्नीचर की दुकान और गोशाला में लगी आग, पंजोआ में दो भाइयों की गेहूं की फसल राख
Una Fire Incident जिला ऊना में एक ही रात में आग लगने की तीन घटनाएं पेश आईं। थाना अम्ब के अंतर्गत गांव जंदोह डाकघर सूरी में एक फर्नीचर की स्लेटपोश दुकान जलकर राख हो गई । आग सोमवार सुबह करीब 3 बजे लगी।
गगरेट, संवाद सहयोगी। Una Fire Incident, जिला ऊना में एक ही रात में आग लगने की तीन घटनाएं पेश आईं। थाना अम्ब के अंतर्गत गांव जंदोह डाकघर सूरी में एक फर्नीचर की स्लेटपोश दुकान जलकर राख हो गई । आग सोमवार सुबह करीब 3 बजे लगी। स्थानीय लोगों और दमकल विभाग ने आग बुझाने की कोशिश की। लेकिन लकड़ी की दुकान होने के कारण आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जा सका। जानकारी के अनुसार दुकान में दो प्लेनर, संबंधित औजार, बोर्ड प्लाई व फर्नीचर में प्रयोग होने वाली इमारती लकड़ी जलकर राख हो गई। यह दुकान अशोक कुमार पुत्र लखू राम निवासी जंदोह डाकघर सूरी तहसील अम्ब के नाम से थी। इस आग की घटना में करीब तीन लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। राजस्व विभाग द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
वहीं पंजोआ में रत्न चंद व प्रतीम चंद पुत्र मगंत राम निवासी थड़ा की 10 कनाल में गेहूं की खड़ी फसल जल कर राख हो गई। इस घटना में 50,000 रुपये के करीब का नुकसान हुआ है। आग लगने से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।
तीसरी घटना भी अम्ब की है। मंधौली निवासी कुलदीप सिंह पुत्र प्रेम सिंह की पशुशाला जल गई। पशुशाला में रखी इमारती लकड़ी, मोटर व घास आदि जलकर राख हो गया। साथ ही तूड़ी का कुप भी आग से जल गया। आगजनी में 50,000 के करीब नुकसान हुआ है।