निजी ट्रांसपोर्टरों को बचाने के लिए बढ़ाना पड़ा किराया : सत्ती
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि निजी ट्रांसपोर्टरों को डूबने से बचाने एवं गरीब जनता को जरूरी बस सुविधा मुहैया करवाने के लिए सरकार को बस किराया बढ़ाना पड़ा है।
संवाद सहयोगी, देहरा : भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि निजी ट्रांसपोर्टरों को डूबने से बचाने एवं गरीब जनता को जरूरी बस सुविधा मुहैया करवाने के लिए सरकार को बस किराया बढ़ाना पड़ा है। अगर सरकार किराया न बढ़ाती तो ट्रांसपोर्टर बसें नहीं चलाते और प्रदेश की जनता को बस सुविधा नहीं मिल पाती। इन कारणों से ही सरकार ने बस किराया मजबूरी में बढ़ाया है। सत्ती वीरवार को देहरा में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में सरकार अच्छा कार्य कर रही है, लेकिन कोविड-19 महामारी के चलते विकास की गति को विराम लग गया है। इस संकटकाल में समर्थ लोगों को दी जाने वाली सुविधाओं व सबसिडी में सरकार को मजबूरन कटौती करनी पड़ रही है। विधायकों एवं सांसदों ने भी इसी के चलते मुफ्त बस सुविधा छोड़कर समाज के लिए उदाहरण पेश किया है।
सत्ती ने कहा कि कांग्रेस वर्तमान में राजनीति का डूबता हुआ जहाज है। माधव राव सिधिया एवं सचिन पायलट जैसे राष्ट्रीय नेताओं का कांग्रेस छोड़ना इस बात का उदहारण है। प्रदेश में भी कांग्रेस का कुनबा वीरभद्र, सुक्खू एवं कौल सिंह गुटों के रूप में बुरी तरह बिखर गया है। हिमाचल में मिशन रिपीट पूरा करके प्रदेश के तीस साल के राजनीतिक इतिहास को बदलने के लिए भाजपा तैयार है।
इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश चौहान, जिला भाजपा महासचिव अभिषेक पाधा, जिला भाजयुमो अध्यक्ष नितिन ठाकुर, कल्लर पंचायत के उपप्रधान बलवीर सिंह, जोगिदर गुलेरिया, अरविद धीमान उपस्थित रहे।