Cabinet decision Himachal Pradesh पार्टी चिह्न पर होंगे हिमाचल प्रदेश के नगर निगम चुनाव पांच शहरों में है नगर निगम
हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल ने तय किया है कि प्रदेश के पांच शहरों में नगर निगम के चुनाव पार्टी चुनाव चिह्न पर लड़े जाएंगे। प्रदेश में पांच नगर निगम शिमला धर्मशाला सोलन मंडी और पालमपुर हैं। इनमें अंतिम तीन को हाल में दर्जा मिला है।
शिमला, राज्य ब्यूरो। हिमाचल प्रदेश के पांचों नगर निगमों में चुनाव पार्टी चुनाव चिह्न पर होंगे। यह फैसला हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठ में लिया गया है। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने की। हिमाचल प्रदेश में जल्द ही नगर निगम के चुनाव होने हैं। अभी हिमाचल प्रदेश में ग्राम पंचायत, नगर पंचायत, नगर परिषद, जिला परिषद और खंड विकास समितियों के चुनाव संपन्न हुए हैं।
हिमाचल प्रदेश में पहला नगर निगम शिमला है जबकि उसके बाद धर्मशाला को नगर मिला था। हाल में सोलन, मंडी और पालमपुर को भी नगर निगम का दर्जा मिला है। गौर तलब है कि कई क्षेत्रों में नगर निगम के लिए वांछित जनसंख्या पूरी नहीं हो पा रही थी जिसे साथ की पंचायतों को मिला कर पूरा किया गया।
हाल के स्थानीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को काफी स्थानों पर विजय प्राप्त हुई है जबकि कुछ स्थानों पर कांग्रेस ने भी जीत हासिल की है। बेशक ग्राम पंचायत के चुनाव पार्टी चिह्न पर नहीं होते लेकिन सभी दल अपने अपने समर्थकों के जीतने पर यह दावा करते हैं।
नगर निगम के चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी किस तरह गंभीर है इस बात का अंदाजा यहां से भी होता है कि पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने धर्मशाला में वीरवार को कहा कि वह पूरी रणनीति के साथ नगर निगम के चुनाव के लिए उतरेंगे। वह कांगड़ा संसदीय क्षेत्र की बैठक लेने आए थे। गौर तलब है कि हिमाचल प्रदेश कार्यसमिति की बैठक धर्मशाला में ही 17 फरवरी से 21 फरवरी तक होगी।