मंत्री महेंद्र सिंह बोले, मंडी के बरछवाड़ में बनेगी हिमाचल की पहली सैन्य भर्ती प्रशिक्षण अकादमी
Army Recruitment Training Academy प्रदेश में खुलने वाली पहली सैन्य भर्ती प्रशिक्षण अकादमी के लिए कदमताल होने लगी है। मंडी जिला के बरछवाड़ में अकादमी के लिए भूमि चिह्नित की गई है। अब अकादमी भवन निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया जल्द शीघ्र शुरू होगी।
शिमला, जेएनएन। प्रदेश में खुलने वाली पहली सैन्य भर्ती प्रशिक्षण अकादमी के लिए कदमताल होने लगी है। मंडी जिला के बरछवाड़ में अकादमी के लिए भूमि चिह्नित की गई है। अब अकादमी भवन निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया जल्द शीघ्र शुरू होगी। 30 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सैन्य अकादमी में चार सौ युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। इसमें प्रशिक्षण के लिए बालिकाओं को भी जगह प्राप्त होगी। इस आशय की जानकारी जल शक्ति एवं सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने दी है। गत रोज सचिवालय में हुई बैठक में अकादमी निर्माण में तेजी लाने के अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
राज्य में सेना में भर्ती होने के लिए प्रशिक्षण की सुविधा न होने से युवाओं के सपने ध्वस्त होते थे। परिवार के आर्थिक हालात सही नहीं होने के कारण गरीब परिवारों के बच्चे पसंद का भविष्य बनाने से पीछे रह जाते थे। सैन्य भर्ती प्रशिक्षण अकादमी बनने से प्रदेश की लड़कियां सेना में सेवा करने का सपना साकार कर सकेंगी। सेना में अधिकारी बनने से लेकर इंजीनियरिंग क्षेत्र में प्रवेश की पात्र बन पाएंगी।
वर्ष 2018 में मंडी में सैन्य अकादमी स्थापित करने की घोषणा हुई थी। यहां पर प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद 200 युवा सैनिक बनने का अवसर प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त 100 सेना में अधिकारी बनकर सेवा करने का अवसर जुटा सकते हैं। इसके अलावा इस अकादमी में 50 लड़कियों को भी सेना में जाने के लिए प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।