हिमाचल में धनतेरस और छोटी दिवाली पर हुआ 15 फीसद अधिक कारोबार, बिके इतने वाहन, पढ़ें पूरी खबर
हिमाचल में धनतेरस व छोटी दिवाली पर करीब 3500 गाडिय़ां बिकीं। सोने व चांदी के सिक्कों व आभूषणों के अलावा लोगों ने लाखों रुपये की खरीदारी की।
शिमला, जेएनएन। हिमाचल में धनतेरस व छोटी दिवाली पर करीब 3500 गाडिय़ां बिकीं। सोने व चांदी के सिक्कों व आभूषणों के अलावा लोगों ने लाखों रुपये की खरीदारी की। धनतेरस व छोटी दिवाली पर दुकानदारों की चांदी रही। दिवाली पर रविवार को भी दुकानें खुली रहेंगी। कार्तिक कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को धनतेरस मनाई जाती है। शुक्रवार को त्रयोदशी शाम सात बजे शुरू होने के बाद शनिवार को तीसरे पहर 3.46 बजे तक थी। इस कारण कई लोगों ने शनिवार को भी धनतेरस की खरीदारी की।
इस बार धनतेरस व छोटी दिवाली पर पिछले दो वर्षों की अपेक्षा करीब 15 फीसद अधिक कारोबार हुआ। आर्थिक मंदी का असर प्रदेश के किसी भी बाजार में नहीं दिखा। प्रदेश के सेब बहुल क्षेत्रों में भी लोगों ने खूब खरीदारी की। इसका कारण यह रहा कि प्रदेश में पिछले दो वर्षों की अपेक्षा इस बार करीब दोगुणा सेब बाजार में पहुंचा है। पिछले साल अब तक 25 से 30 किलोग्राम वाली सेब की 1.60 करोड़ पेटियां बाजार में पहुंची थीं। इस वर्ष अब तक सेब की 3.10 करोड़ पेटियां बाजार में पहुंच चुकी हैं। यही कारण रहा कि लोगों ने खूब खरीदारी की।
पिछले वर्ष की अपेक्षा इस बार सोने व चांदी का कारोबार अधिक रहा है। इस बार 10 से 15 फीसद तक अधिक कारोबार हुआ। मंदी का असर प्रदेश में देखने को नहीं मिला। -अतुल टांगरी, अध्यक्ष, सर्राफा व स्वर्णकार संघ