जंगली जानवरों और पशुओं की समस्या पर विधानसभा परिसर में गरजे किसान, सीएम से बोले- खेती छोड़ने को मजबूर
Farmer association meet with CM बंदरों बेसहारा पशुओं व जंगली जानवरों की समस्या का स्थायी समाधान न होने पर भारतीय किसान संघ ने तपोवन में जमकर गुस्सा दिखाया।
धर्मशाला, जेएनएन। बंदरों, बेसहारा पशुओं व जंगली जानवरों की समस्या का स्थायी समाधान न होने पर भारतीय किसान संघ ने तपोवन में जमकर गुस्सा दिखाया। संघ ने प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सोमदेव शर्मा के नेतृत्व में शुक्रवार को रैली निकालकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस अवसर पर प्रदेश संगठन मंत्री हरी राम ने कहा कि संघ ने पूरा एजेंडा बनाकर सरकार को दिया है, जिसमें गो सेंक्चुअरी का मुद्दा भी शामिल है। सरकार ने इसे अपने एजेंडे में भी डाला, लेकिन अभी तक कुछ जिलों में ही बेसहारा पशुओं को रखने के लिए स्थान चिह्नित किए हैं।
बेसहारा पशु किसानों को खेती छोडऩे पर मजबूर कर रहे हैं। किसान कई बार इन समस्याओं को सरकार के समक्ष उठा चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सोमदेव शर्मा ने कहा कि संघ ने बंदरों, बेसहारा पशुओं व जंगली जानवरों की समस्या से निजात दिलाने के लिए सुझाव भी सरकार को दिए हैं। सरकार ने अभी तक इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया है। वहीं खड्डों व नदियों में हो रहे अवैध खनन को रोकने की दिशा में भी उचित कदम उठाएं जाएं।
अवैध खनन से 20 से 25 फुट तक गड्ढे कर खड्डों का सीना छलनी किया जा रहा है। इससे कई सिंचाई एवं पेयजल योजनाएं ठप हो गई हैं। इस मौके पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य भक्त राम पटियाल, प्रांत मंत्री रोशन लाल चौधरी, पूर्व महामंत्री शिव पाल सिंह व जिलाध्यक्ष होशियार सिंह पठानिया भी मौजूद रहे। सीएम ने समस्याओं को सुना व उचित समाधान की बात कही।