पुरानी पेंशन बहाली के लिए सड़क पर उतरे हजारों कर्मचारी, शुरू करेंगे पेन डाउन स्ट्राइक
Employee Protest पुरानी पेंशन बहाली को लेकर नई पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ के हजारों कर्मचारी सड़कों पर उतर गए हैं। प्रदेशभर में प्रदर्शन किया गया। शनिवार को महासंघ ने पड्डल से लेकर उपायुक्त कार्यालय परिसर तक विरोध रैली निकाल सांकेतिक धरना दिया।
धर्मशाला/मंडी, जेएनएन। पुरानी पेंशन बहाली को लेकर नई पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ के हजारों कर्मचारी सड़कों पर उतर गए हैं। प्रदेशभर में प्रदर्शन किया गया। शनिवार को महासंघ ने पड्डल से लेकर उपायुक्त कार्यालय परिसर तक विरोध रैली निकाल सांकेतिक धरना दिया। यह धरना प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर की अध्यक्षता में में दिया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की है। रैली के समय सड़क पर हजारों कर्मचारी होने से भीड़ को अनियंत्रित करना पुलिस के लिए चुनौती बना रहा है। सड़क पर रुक-रुक कर जाम लगता है। हालांकि पुलिस ने फिर भी अपना मोर्चा संभाला है। इसके बाद महासंघ ने पुस्तकालय के बाहर कर्मचारियों को संबोधित किया है।
संघ के अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने कहा कि संगठन लगातार पुरानी पेंशन बहाली के लिए सरकार के समक्ष अपनी बात रख चुका है, लेकिन सरकार अब तक इस विषय में कुछ भी नहीं कर रही हैं। जबकि वर्तमान सरकार जिस पार्टी की है चुनाव के समय उन्होंने अपने मेनिफेस्टो में पुरानी पेंशन बहाली के लिए कमेटी के गठन का वायदा किया था, लेकिन चुनाव जीतने के बाद ही वह अपने वायदे को भूल बैठे हैं।
उन्होंने कहा 12 नवंबर को संगठन द्वारा 10000 से भी अधिक स्थानों पर एक दिन में ही एक साथ बैठक करेंगे। जो शायद हिमाचल प्रदेश ही नहीं बल्कि देश में पहले कभी नहीं हुआ होगा। इसमें सभी कर्मचारी इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संकल्प लेंगे और नई पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ को मजबूत करते हुए पुरानी पेंशन बहाली के लिए अपने प्रयास और तेज करेंगे। उसके पश्चात 24 नवंबर को हिमाचल प्रदेश के सभी कर्मचारी पेन डाउन स्ट्राइक करेंगे।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष लेखराज, जिला प्रभारी सुभाष शर्मा, राज्य उपाध्यक्ष भिंद्र ठाकुर, अनुशासन कमेटी के मुख्य अरुण, महिला विंग वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनीता चौहान, सह प्रचारक विरेंद्र ठाकुर, जिला मंडी के महासचिव प्रवीण धीमान, महिला विंग की अध्यक्ष मंजुला वर्मा, महासचिव भारती सहित अन्य उपस्थित रहे।