यहां बच्चों ने जलाया एनपीएस का पुतला, माता-पिता के लिए मांगी पुरानी पेंशन Kangra News
Employee Child Burn NPS Statue दशहरा पर्व के अवसर पर राजोल गांव में बच्चों ने करीब 15 फीट ऊंचा एनपीएस का पुतला जलाया।
शाहपुर, जेएनएन। दशहरा पर्व के अवसर पर राजोल गांव में बच्चों ने करीब 15 फीट ऊंचा एनपीएस का पुतला जलाया। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले राजोल गांव में नई पेंशन स्कीम कर्मचारियों के बच्चों ने एक तरह से सरकार के खिलाफ विरोध जताया। बच्चे भी अपने अभिभावकों को पेंशन लाभ से वंचित किए जाने से आहत हैं। वहीं पुतला बनाने वाले बच्चों ने कहा जब नेताओं को पेंशन है तो उनके माता-पिता को पेंशन क्यों नहीं मिल रही। उन्होंने प्रदेश तथा केंद्र सरकार से पेंशन बहाली की मांग की।
इस अवसर पर नई पेंशन स्कीम कर्मचारी एसोसिएशन के कांगड़ा जिला प्रधान राजेंद्र मन्हास और ब्लॉक कार्यकारणी सदस्य वीरेंद्र भी उपस्थित थे। आयोजन स्थल पर अनिल ठाकुर, शक्ति चंद मन्हास, मुकेश मन्हास, नवीन मन्हास, जीवन सिंह, कर्मचंद, विद्यासागर और चमन लाल ने बच्चों की इस अनोखी पहल के लिए हौसला अफजाई की। इस अवसर कांगड़ा जिला प्रधान राजेंद्र मन्हास ने 2100 रुपये की राशि बच्चों को प्रोत्साहन के रूप में प्रदान की। सरकार की नई पेंशन स्कीम के तहत कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद नाममात्र पेंशन मिल रही है, जिसका कर्मचारी वर्ग कड़ा विरोध कर रहा है। कर्मचारी पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने की मांग कर रहे हैं।