Zila Parishad Result: हिमाचल में जिला परिषद पर भाजपा का पलड़ा भारी, सिरमौर में छह वार्ड की गणना बाकी
Zila Parishad Result पंचायतों के चुनाव परिणाम के बाद शुक्रवार को पंचायत समिति सदस्यों व जिला परिषद सदस्यों के परिणाम के लिए दिनभर गहमागहमी रही। लेकिन रात तक भी नतीजे स्पष्ट नहीं हो पाए। शनिवार सुबह भी मतगणना जारी है।
शिमला, धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में जिला परिषद चुनाव की मतगणना जारी है। देर रात तक नतीजे आते रहे। कुछ जगह अभी मतगणना चल रही है। मंडी और चंबा में भाजपा की जीत, शिमला में फिर से कांग्रेस के हाथ कमान आई है। सोलन, कुल्लू और हमीरपुर में निर्दलीयों के हाथ सत्ता की चाबी है। बिलासपुर में 14 में से सात सीटें भाजपा और छह कांग्रेस ने जीतीं हैं। सिरमौर में 17 में से पांच पर कांग्रेस, चार पर भाजपा आगे चल रही है। ऊना के भंजाल वार्ड में निर्दलीय चैतन्य शर्मा 11,983 वोट से जीते हैं, यह प्रदेश में सबसे बड़ी जीत बताई जा रही है।
जिला कांगड़ा के रैत ब्लॉक में रातभर प्रत्याशी व उनके समर्थक रिजल्ट के इंतजार में बैठे रहे। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे शुरू हुई मतगणना का दौर जारी है। देर रात तक अधिकतर जिलों में बीडीसी (पंचायत समिति सदस्य) का परिणाम घोषित हो गया। जिला परिषद सदस्यों के कुछ नतीजे घोषित हो गए लेकिन मतगणना का दौर रातभर जारी रहा।
सिरमौर में 10 वार्ड के नतीजे आए
जिला सिरमौर में जिला परिषद की 17 वार्ड के लिए मतगणना में से अभी तक केवल 10 वार्डों की ही गिनती संपन्न हुई है। जिसमें से पांच कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी विजयी हुए हैं। भाजपा चार पर तथा एक वार्ड से निर्दलीय प्रत्याशी जीता है। दादाहू जिला परिषद वार्ड का चुनाव परिणाम अभी आधिकारिक तौर पर घोषित नहीं हुआ है। शेष छह वार्डों की मतगणना दोपहर बाद शुरू हुई है।
यह भी पढ़ें: Zila Parishad Result: प्रदेश में यहां निर्दलीय प्रत्याशी ने जब्त करवा दी सबकी जमानत, रिकॉर्ड मत से जीते
मंडी में 20 सीटों पर भाजपा काबिज
मंडी में जिला परिषद पर भाजपा का कब्जा हो गया है। 36 में से 20 सीटों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। इसके अलावा तीन माकपा और तीन कांग्रेस व 10 निर्दलीय उम्मीदवार जीते हैं।
हमीरपुर में नौ सीटों पर भाजपा समर्थित
हमीरपुर जिला में जिला परिषद की कुल 18 सीटों में से 9 पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी जीते हैं। कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियोंं का कुल आंकड़ा छह है। माकपा का एक व दो आजाद प्रत्याशी जीते हैं। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा को एक सदस्य की जरूत है। अध्यक्ष पद महिला के लिए आरक्षित है। दोनों ही महिला प्रत्याशी सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में हैं। एक सीट पर धूमल समर्थक जीती है तो एक राजेंद्र राणा समर्धक जीती हैं।
यह भी पढ़ें: जिला परिषद चुनाव में भाजपा ने दिखाया दम, कांग्रेस का भी चला सिक्का, विधायक का बेटा जीता Kangra News
दोपहर तक साफ होगी तस्वीर
दोनों दलों ने जीत के दावे जताए हैं, लेकिन दोपहर तक ही असल तस्वीर साफ होगी कि किस दल का ब्लॉक समिति के अध्यक्ष पद पर और जिला परिषद के अध्यक्ष पद पर कब्जा होगा। मंडी में मंत्री महेंद्र सिंह की बेटी ने जिला परिषद का चुनाव जीत लिया है। वहीं कुल्लू में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बुद्धि सिंह चायल वार्ड से चुनाव हार गए हैं। चंबा में कांग्रेस के प्रदेश सचिव व निर्वतमान जिला परिषद अध्यक्ष डीएस पठानिया को बीडीसी पद पर शिकस्त मिली है। कुछ जिला परिषद सदस्य कांग्रेस, माकपा और निर्दलीय भी जीते हैं। भाजपा और कांग्रेस के बागियों ने कई जगह पर समीकरण बिगाड़ दिए हैं।