मुख्य अरण्यपाल धर्मशाला ने खंगाले पंजाब से सटे जंगल, बड़े स्तर पर हुआ अवैध कटान, अफसरों पर भी गिरी गाज
Himachal Forest Mafia पड़ोसी राज्य पंजाब के साथ लगते नूरपुर वनमंडल की विभिन्न बीटों के जंगल में वन काटुओं ने खूब कोहराम मचाया है। खैर समेत अन्य पेड़ काटे जाने की शिकायतों के बाद वन विभाग धर्मशाला वृत्त कार्यालय ने बड़े स्तर पर कार्रवाई का दौर शुरू कर दिया है।
धर्मशाला, संवाद सहयोगी। Himachal Forest Mafia, पड़ोसी राज्य पंजाब के साथ लगते नूरपुर वनमंडल की विभिन्न बीटों के जंगल में वन काटुओं ने खूब कोहराम मचाया है। खैर समेत अन्य पेड़ काटे जाने की शिकायतों के बाद वन विभाग धर्मशाला वृत्त कार्यालय ने बड़े स्तर पर कार्रवाई का दौर शुरू कर दिया है। ऐसा पहली बार हुआ है जब मुख्य अरण्यपाल ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए विभिन्न वन बीटों का निरीक्षण वनमंडल के अधिकारियों के साथ किया है। जिनमें उन्हें सफलता भी मिली है और दो दिनों में पेड़ कटाने के दो मामले पकड़ने के बाद डयूटी पर कोताही बरते जाने पर एक ब्लॉक अफसर व दो वनरक्षकों को निलंबित किया है। ये निरीक्षण अभियान अब 31 मार्च तक मुख्य अरण्यपाल की ओर से जारी रहेगा। जिसमें नूरपुर वनमंडल के अलावा धर्मशाला व पालमपुर वनमंडलों के तहत आते विभिन्न जंगलों का भी निरीक्षण होगा।
अब तक चार दिनों के निरीक्षण अभियान में कंडवाल के जंगल, गंगथ ब्लॉक के रिट के जंगलों में 34-34 जबकि भलेटा के जंगल में चार पेड़ कटे हुए मिल चुके हैं। नूरपुर वनमंडल के तहत कंडवाल व गंगथ बीटों में कटे हुए पेड़ों के मामले पकड़े जाने के बाद वन कटान को रोकने के लिए वन माफिया के खिलाफ रात्रि गश्त करने के भी फील्ड स्टाफ को निर्देश देने के अलावा जगह-जगह नाके लगाने के भी आदेश मुख्य अरण्यपाल ने जारी कर दिए हैं, ताकि वन काटुओं पर भी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
मुख्य अरण्यपाल डीआर कौशल ने यह कहा
वन वृत्त धर्मशाला के मुख्य अरण्यपाल डीआर कौशल के मुताबिक जंगलों का रूटीन में निरीक्षण किया जाता रहता है। लेकिन इस बार कुछ शिकायतें मिल रही थीं। जिसके बाद शुक्रवार से निरीक्षण शुरू किया गया है, जो निरंतर 31 मार्च तक जारी रहेगा। नूरपुर के अलावा धर्मशाला व पालमपुर वनमंडलों के तहत आते विभिन्न जंगलों का भी निरीक्षण होगा। अब तक चार दिनों के निरीक्षण अभियान में कंडवाल के जंगल, गंगथ ब्लॉक के रिट के जंगलों में 34-34 जबकि भलेटा के जंगल में चार पेड़ कटे हुए मिल चुके हैं। नूरपुर वनमंडल के तहत कंडवाल व गंगथ बीटों में कटे हुए पेड़ों के मामले पकड़े जाने के बाद वन कटान को रोकने के लिए वन माफिया के खिलाफ रात्रि गश्त करने के भी फील्ड स्टाफ को निर्देश देने के अलावा जगह-जगह नाके लगाने को कहा है।