दिल्ली पुलिस कर्मी की नेरचौक में नाली में मिली लाश, रात को परिवार को रास्ता भटकने की दी थी सूचना
उपमंडल बल्ह के लूणापानी में एक व्यक्ति की नाली में गिरकर मौत हो गई। उक्त शख्स दिल्ली पुलिस में कार्यरत था। बीती रात को घर वापस आ रहा था जैसे ही लूणापानी के पास वह गाड़ी से उतरा था।
नेरचौक, जेएनएन। उपमंडल बल्ह के लूणापानी में एक व्यक्ति की नाली में गिरकर मौत हो गई। उक्त शख्स दिल्ली पुलिस में कार्यरत था। बीती रात को घर वापस आ रहा था, जैसे ही लूणापानी के पास वह गाड़ी से उतरा उसने अपने घर वालों को फोन करके बताया कि उसे रास्ते का पता नहीं चल रहा है। शख्स ने कहा कि वह कहां पर उतर गया है, उसे पता नहीं चल रहा है। उसी समय परिवार व अन्य लोग व्यक्ति को ढूंढने के लिए निकल पड़े। मृतक के बड़े भाई ने बताया कि रात को 11 बजे से हम ढूंढ रहे थे, ढूंढते ढूंढते नेरचौक मंडी व सुंदरनगर तक चले गए। फोरलेन की तरफ भी ढूंढते रहे लेकिन कोई पता नहीं चला। फोन करते रहे फोन बजता रहा लेकिन फोन नहीं उठाया।
सुबह 6:00 बजे पता चला कि कोई व्यक्ति राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर लूणापानी के पास नाली में गिरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया तभी वे भी वहां पर पहुंच गए। वहां देखा तो 50 वर्षीय हिरदाराम पुत्र माधुराम उम्र नाली में गिरा हुआ था व उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने मौके पर आकर कार्रवाई शुरू कर दी है।