खबरू झरने से निकाला युवक का शव
पुलिस चौकी दरिणी के तहत खबरू झरने में वीरवार को डूबे डढम्ब के 19
संवाद सूत्र, शाहपुर : पुलिस चौकी दरिणी के तहत खबरू झरने में वीरवार को डूबे डढम्ब के 19 वर्षीय केशव का शव शुक्रवार को गोताखारों की मदद से निकाला गया। शव को जोनल अस्पताल धर्मशाला लाया गया है। शनिवार को यहां शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
वीरवार को केशव दो दोस्तों व उनकी पत्नियों के साथ खबरू की ओर घूमने गया था। खबरू झरने में पहुंचने के बाद केशव इसके नीचे नहाने के लिए पहुंच गया। उसे तैरना नहीं आता था लेकिन फिर भी वह झरने की ओर चला गया और वहां फंस गया। सूचना मिलने के बाद दरिणी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और युवक को ढूंढ़ने का प्रयास किया लेकिन पानी का बहाव ज्यादा होने से उसका कोई सुराग नहीं लगा।
शुक्रवार को एनडीआरएफ के गोताखोरों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शव को पानी से निकाला। केशव के पिता रैत में सुनार की दुकान करते हैं। उसकी एक बड़ी बहन है। खबरू झरने तक पहुंचने के लिए बोह से चार किलोमीटर पैदल सफर तय करना पड़ता है। थाना प्रभारी शाहपुर त्रिलोचन सिंह ने बताया कि युवक का शव एनडीआरएफ के गोताखोरों ने निकाल लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लापरवाही जान पर पड़ रही भारी
बरसात शुरू हो चुकी है। इस मौसम में नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है। जिला प्रशासन की ओर से हर साल चेतावनी दी जाती है कि बरसात के मौसम में नदी-नालों के करीब न जाएं। इसके बावजूद कई लोग चेतावनी को नजरअंदाज कर नदी-नालों का रुख करते हैं। यह लापरवाही जान पर भारी पड़ती है। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण केशव है। तैरना न आने के बावजूद वह नहाने के लिए झरने के नीचे चला गया और पानी के तेज में डूब गया।
खबरू झरने में नहीं लगा है चेतावनी बोर्ड
बोह घाटी से चार किलोमीटर दूर खबरू में इन दिनों कई लोग घूमने के लिए जाते हैं और झरने में नहाते हैं। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से वहां चेतावनी बोर्ड नहीं लगाया गया है। भागसुनाग वाटरफाल के रास्ते पर प्रशासन की ओर से लगाया गया चेतावनी बोर्ड भी गायब है।
इस बरसात में अब तक हो चुकी है चार की मौत
अभी बरसात का मौसम शुरू हुआ है और जिले में पानी में डूबने से चार लोगों की मौत हो गई है। 27 जून को पुलिस थाना नगरोटा बगवां के तहत कूहल में दिल्ली के एक युवक का शव बरामद हुआ। पिछले मंगलवार को इंदौरा के तहत ब्यान दरिया में दो स्थानीय लोगों की डूबने से मौत हो गई। अब केशव की मौत हुई है।