Lockdown: प्रशासन को बिना बताए चोरी छिपे जम्मू से घर पहुंच गए तीन लोग, पुलिस ने FIR कर किए क्वारंटाइन
लॉकडाउन के दौरान यात्रा विवरण छुपाकर चोरी छीपे घर में पहुंचे तीन लोगों के खिलाफ पुलिस थाना इंदौरा में मामला दर्ज किया गया है।
इंदौरा, जेएनएन। लॉकडाउन के दौरान यात्रा विवरण छुपाकर चोरी छीपे घर में पहुंचे तीन लोगों के खिलाफ पुलिस थाना इंदौरा में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस थाना इंदौरा के प्रभारी सुरिंदर सिंह धीमान ने बताया आज पुलिस टीम भपू गांव के पास गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस को भपू पंचायत के प्रधान ने सूचित किया कि उनके ही गांव के तीन व्यक्ति जम्मू से यहां पहुंचे हैं।
पुलिस ने जांच में पाया कि 38 वर्षीय विजय कुमार पुत्र जगदेव सिंह निवासी भपू जम्मू से, 34 वर्षीय नरोत्तम पुत्र सुभाष चंद व 30 वर्षीय विनोद कुमार पुत्र मदन लाल दोनों निवासी भपू आज सुबह कठुआ से पैदल चलकर गांव पहुंचे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम उक्त व्यक्तियों के घर पहुंची ओर जांच करने पर पाया गया कि उक्त लोग लॉकडाउन में निर्देशों को दरकिनार कर सभी नाकों का उलंघन कर चोरी छिपे घरों में आ गए।
ये प्रशासन से अपना यात्रा विवरण छिपा रहे थे। तीनों व्यक्तियों से जब सख्ती से पूछताछ की गई तो वो कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। तीनों के खिलाफ अपना यात्रा विवरण छुपाने ओर लॉकडाउन का उल्लंघन करने के आरोप में धारा 188,269, के तहत मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी ने बताया के तीनों की ट्रैवल हिस्ट्री के बारे में जानकारी ली जा रही है कि उक्त व्यक्ति किस किस के संपर्क में आए हैं। फिलहाल व्यक्तियों को मोहटली में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में भेज दिया है। लॉकडाउन का उल्लंघन करने और अपना यात्रा विवरण छिपाने पर तीन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।