रच्छियालु के सीआरपीएफ जवान का ससम्मान अंतिम संस्कार, सैकड़ों लोगों ने दी श्रद्धांजलि Kangra News
सीआरपीएफ में तैनात गांव रच्छियालु के जवान 50 वर्षीय अशोक कुमार की अचानक मौत के बाद सोमवार को उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
गगल, जेएनएन। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में तैनात गांव रच्छियालु के जवान 50 वर्षीय अशोक कुमार की अचानक मौत के बाद सोमवार को उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। बताया जा रहा है कोलकाता में ड्यूटी के दौरान हृदय गति रुकने से अशोक कुमार का देहांत हो गया था। केंद्रीय रिजर्व पुलिस के सब इंस्पेक्टर राज सिंह व अशोक कुमार ने बताया अशोक कुमार 13 दिसंबर को ट्रांजिट कैंप कोलकाता में कुछ सामान लेने गया था। जब अशोक कुमार वापस आया तो हृदयाघात से उसकी मौत हो गई।
अशोक कुमार के साथी जवान तरसेम कुमार ने बताया कि वे इस समय मणिपुर में अपनी सेवाएं दे रहे थे और ट्रांजिट कैंप के दौरान कोलकाता आए थे। अशोक कुमार का पार्थिव शरीर विमान द्वारा कोलकाता से जम्मू लाया गया। रविवार को अशोक कुमार का पार्थिव शरीर सड़क मार्ग द्वारा पैतृक गांव राच्छयालु में लाया गया और आज पूरे राजकीय सम्मान के साथ बनोई खड में संस्कार कर दिया गया।
अशोक कुमार के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि उनके बड़े बेटे अजय ने दी। मृतक अशोक की पत्नी ललिता देवी और दो बेटे रो रोकर बेहाल हैं। इस अवसर पर प्रशासन की ओर से शाहपुर के नायब तहसीलदार सुरेंद्र कुमार ने बहादुर जवान को श्रद्धांजलि भेंट की। इस अवसर पर इलाके के हजारों लोगों ने अंतिम यात्रा में भाग लेकर बहादुर जवान को अंतिम विदाई दी। स्थानीय पंचायत प्रधान निशा देवी व उपप्रधान रोशन लाल ने बताया अशोक कुमार 15 दिन पहले ही छुट्टी काटकर ड्यूटी पर गया था।