कोरोना पाॅजिटिव के घर रंग-रोगन करने गए दो युवक भी संक्रमित, मंडी में स्वास्थ्य कर्मी की बेटी भी चपेट में
जिला मंडी में रविवार को चार लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसमें तीन मामले पहले से ही पॉजिटिव पाए गए लोगों के संपर्क में आए हैं।
मंडी, जेएनएन। जिला मंडी में रविवार को चार लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसमें तीन मामले पहले से ही पॉजिटिव पाए गए लोगों के संपर्क में आए हैं, जबकि एक आर्मी जवान दिल्ली से लौटा था जिसे इंस्टीटयूशनल क्वारंटाइन किया गया था। नरेचौक मेडिकल कॉलेज से दोपहर बाद आइ रिपोर्ट में सामने आए इन चार मामलों में गोहर क्षेत्र से दो मामले हैं। इनमें दो युवक जो पहले संक्रमित पाए गए मीट विक्रेता भाइयों के घर पेंट करने गए थे। उनके संपर्क में आने के कारण इनका सैंपल लिए गए थे, जो पॉजिटिव पाए गए। इनमें एक युवक बग्यसाड के गांव जरोल और दूसरा डौंट का रहने वाला है।
इसी तरह मंडी जोनल अस्पताल में कार्यरत सफाई कर्मचारी जो संक्रमित थी, उनकी 15 वर्षीय बेटी का सैंपल भी पॉजिटिव आया है। समखेतर में उक्त परिवार होम क्वारंटाइन किया गया था। इसी तरह 24 जुलाई को दिल्ली से लौटे सेना के जवान की रिपोर्ट भी पॉजिटिव पाई गई है। सैनिक को संस्थागत क्वारंटाइन किया गया था। प्रशासन ने अब जरोल व डौंट में कंटेनमेंट बनाने के कार्रवाई आरंभ कर दी है।