यहां शांति पाठ के बाद शुरू हुआ कोरोना वैक्सीन टीकाकरण अभियान, दंत रोग विशेषज्ञ को दी पहले वैक्सीन
Coronavirus Vaccination वैक्सीन की पहली डोज ऊना अस्पताल के दंत रोग विशेषज्ञ डॉक्टर विक्रांत पराशर को दी गई। डोज लेने के बाद डॉक्टर विक्रांत के चेहरे पर कर्तव्य निभाने की झलक साफ झलक रही थी। डोज लेने के बाद डॉक्टर विक्रांत को कुछ समय के लिए देखरेख में रखा गया।
ऊना, जेएनएन। सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामया, सर्वे भद्राणि पश्यन्तु मा कश्चिद् दुख भागभवेत, शांति पाठ के यह शब्द आज गूंज रहे थे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के परिसर में। जब कोरोना वैक्सीन स्वास्थ्य कर्मियों सहित चिकित्सकों को लगाने का शुभारंभ वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे थे। तमाम औपचारिकताओं के बीच ऊना अस्पताल में पहुंची कोविड वैक्सीन की पहली खेप शनिवार को उपायुक्त राघव शर्मा सहित सीएमओ डॉक्टर रमन कुमार शर्मा की देखरेख में लगाए शिविर में लाया गया।
ऐतिहासिक क्षणों के बीच वैक्सीन की पहली डोज ऊना अस्पताल के दंत रोग विशेषज्ञ डॉक्टर विक्रांत पराशर को दी गई। डोज लेने के बाद डॉक्टर विक्रांत के चेहरे पर कर्तव्य निभाने की झलक साफ झलक रही थी। डोज लेने के बाद डॉक्टर विक्रांत को कुछ समय के लिए देखरेख में रखा गया। पहली डोज लेने वाले लाभार्थियों को अब अगली डोज के लिए 28 दिन का इंतज़ार करना पड़ेगा।
इसके बाद टीकाकरण टीम ने एक बाद एक अपने ऊना अस्पताल के सत्र में सत्र में 100 लाभार्थियों का टीकाकरण करने की प्रक्रिया को जारी रखा। दूसरी ओर खंड गगरेट के स्वास्थ्य अधिकारियो की निगरानी में एमएसएच सेंटर गगरेट में पर्यवेक्षक जगतजीत सिंह को टीका लगाया गया। यहां सत्र में 80 लाभार्थियों का टीकाकरण किया गया। जिला स्वास्थ्य विभाग के पास प्रथम चरण में 5369 लाभार्थियों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा तथा प्रथम खेप के रूप में जिला को 3300 डोज प्राप्त हुई हैं।