Coronavirus के बीच सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने पर डीजीपी हिमाचल को सम्मानित करेगी यूके की संस्था
हिमाचल प्रदेश के डीजीपी एसआर मरडी इंग्लैंड की संस्था वर्ल्ड रिकॉर्ड पब्लिशिंग कंपनी की ओर से स्टार 2020 सम्मान से अलंकृत होंगे।
शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश के डीजीपी एसआर मरडी इंग्लैंड की संस्था वर्ल्ड रिकॉर्ड पब्लिशिंग कंपनी की ओर से स्टार 2020 सम्मान से अलंकृत होंगे। यह सम्मान उन्हें बाद में प्रदान किया जाएगा। अभी इसकी घोषणा हुई है और साथ में ऑनलाइन प्रमाण पत्र भी जारी किया गया है। प्रमाण पत्र संस्था के अध्यक्ष संतोष शुक्ला की तरफ से जारी किया गया है। मरडी को यह सम्मान कोरोना महामारी के दौरान सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए दिया गया है।
डीजीपी कोरोना वायरस से निपटने में प्रेरणा स्त्रोत बने हैं। संकट के समय वह रोज वीडियो संदेश के जरिये लोगों में जागरूकता की अलख ही नहीं जगाते है, बल्कि सकारात्मक संदेश फैलाते हैं। वह विनम्रता के साथ लोगों को यह समझाने में कामयाब हुए हैं कि लॉकडाउन के दौरान नियमों का पालन करना क्यों जरूरी है।
उन्होंने पुलिस को लीक से हटकर कार्य करने की भी प्रेरणा दी है। यही वजह है कि शिमला जैसी पुलिस ने नीरू चली घुमदी शिमला पुलिस लागी ढूंढदी जैसे रोचक पोस्टर तैयार किए हैं। इस पोस्टर में पहाड़ी गीत के माध्यम से बाहर से आए लोगों को क्वारंटाइन नियमों का पालन करने को कहा गया है।