दो से चार साल के तीन बच्चों को कोरोना संक्रमण ने जकड़ा, साफ्टवेयर इंजीनियर की रिपोर्ट भी पॉजिटिव
Himachal Coronavirus News जिला ऊना में दो से चार साल के तीन बच्चों समेत नौ मामले पॉजिटिव पाए गए हैं।
ऊना, जेएनएन। जिला ऊना में दो से पांच साल के तीन बच्चों समेत नौ मामले पॉजिटिव पाए गए हैं। हरियाणा के सोनीपत से लौटे एक ही परिवार के छह लोगों के पॉजिटिव पाए जाने के बाद अम्ब के कटौहड़ कलां के लोगों के सामने फिर से मुसीबत सामने खड़ी गई है। इस परिवार को होम क्वारंटाइन किया गया था। एक निजी वाहन में सात लोग अपने मूल गांव में आए थे। इस परिवार के मुखिया को छोड़कर शेष सभी पॉजिटव पाए गए हैं। इस गांव में पहले भी दो बहनों के एक साथ पॉजिटिव पाए जाने के बाद उनके वार्ड को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया था। अब नए सिरे से इस क्षेत्र को फिर से कंटेनमेंट जोन बनाया जा सकता है।
जिले में नए नौ मामलों को मिलाकर अब पॉजिटिव मामलों की संख्या 89 तक जा पहुंची है। इसमें राहत की बात यह है कि 54 लोग ठीक हो चुके हैं। कटौहड़ कलां का यह परिवार 15 जून को गांव में पहुंचा था। जिस गाड़ी में यह लोग आए थे उसमें कुल सात लोग सवार थे।
बताया जा रहा है कि इस परिवार का 33 वर्षीय युवक सोनीपत में किसी कंपनी में कार्यरत है। इस युवक की पत्नी, दो बेटियां, जो चार और दो साल की हैं, उनके अलावा भतीजा दो साल और माता 53 साल पॉजिटिव पाए गए हैं। फिलहाल इनको घर में ही आइसोलेट किया गया है।
उधर, बंगाणा के रायपुर मैदान से संबंध रखने वाला 31 वर्षीय युवक जो गुड़गांव में किसी कंपनी में साफ्टवेयर इंजीनियर है, वह भी पॉजिटिव पाया गया है। वह अपनी पत्नी जो चिकित्सक है और इन दिनों बेंगलुरु से एमएस की डिग्री प्राप्त कर रही हैं, उनके साथ घर लौटे थे। इनका दिल्ली द्वारिका में भी अपना फ्लैट है। दंपती 14 जून काे पंचकूला तक किसी बस में सवार होकर पहुंचे थे और बाद में वे पंचकूला से टैक्सी के माध्यम से ऊना पहुंचे थे। उनको पालकवाह में क्वारंटाइन किया गया था।
ऊना शहर के वार्ड एक फ्रेंडस काॅलोनी की एक 65 वर्षीय महिला भी पॉजिटिव पाई गई है। यह महिला गुड़गांव से अपने पति और बेटे के साथ एक निजी कार में 12 जून को ऊना पहुंचे थे। उनका बेटा गुड़गांव में किसी कंपनी में साफ्टवेयर इंजीनियर है और ये वहां उसके पास ही रह रहे थे। इस महिला के पति का भी सैंपल लिया गया था, जो नेगेटिव पाया गया है।