Coronavirus: विदेश से हिमाचल लौटे 1800 में से 23 लोग पाए गए कोरोना संक्रमित
Himachal Coronavirus News विदेश से हिमाचल लौटे 1800 में से अभी तक 23 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
शिमला, जेएनएन। विदेश से हिमाचल लौटे 1800 में से अभी तक 23 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। विदेश में रहने वाले नौकरी पेशा व हिमाचली छात्रों को प्रदेश में वापस लाया गया, इन्हें करीब 600 फ्लाइटों से वापस लाया गया है। इनकी वापसी 62 अलग-अलग देशों से हुई है। इनमें ऐसे देश भी शामिल हैं, जहां पर कोरोना के बहुत अधिक मामले हैं। हिमाचल प्रदेश 3 मई को कोरोनामुक्त होने वाला था और उसके बाद देश के विभिन्न राज्यों विशेष रुप से दिल्ली और महाराष्ट्र से लौटे लोग कोरोना संक्रमित पाए गए।
विदेश से लौटने वाले हिमाचलियों में केवल 1.27 फीसद ही कोरोना पॉजिटिव आए हैं। इन सभी को अमृतसर, चंडीगढ़ व दिल्ली एयरपोर्ट पर उतारने के बाद इनके स्वास्थ्य जांच करने के साथ चौदह दिन के लिए संस्थागत क्वारंटाइन में रखा गया था। प्रदेश में विदेशों व अन्य राज्यों से लौटने वालों पर नजर रखने का जिम्मा आशा वर्करों के साथ, ग्राम पंचायतों व शहरी निकायों के पदाधिकारियों को सौंपा गया था।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी निर्देशों के तहत हर दिन इनके स्वास्थ्य की जांच करने के साथ किसी भी तरह के कोरोना के लक्षण पाए जाने पर सैंपल लिए गए। विदेशों से हिलाचलियों को ऐसे समय में वापस लाया गया, जब अंतरराष्ट्रीय उड़ाने बंद थी।
विदेशों से हिमाचल लौटे 1800 एनआरआई में से केवल 23 पॉजिटिव आए हैं, इन्हें वापस लाने के बाद निर्धारित नियमों के तहत क्वारंटाइन किया गया और स्वास्थ्य पर नजर रखी गई। -ओंकार शर्मा, प्रधान सचिव राजस्व व राज्य नोडल अधिकारी।