कांगड़ा जिला में आठ लोग और कोरोना पॉजिटिव, चैतड़ू और राजोल में भी संक्रमण के मामले
Himachal Coronavirus News हिमाचल प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले ल्रगातार बढ़ते जा रहे हैं। जिला कांगड़ा में आठ और लोग संक्रमित पाए गए हैं।
धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले ल्रगातार बढ़ते जा रहे हैं। जिला कांगड़ा में आठ और लोग संक्रमित पाए गए हैं। बुधवार को दिन में 28 लोग संक्रमित पाए गए थे। कोरोना संक्रमण के मामले के कारण नगरोटा बगवां अस्पताल में ओपीडी बंद रही व पूरे परिसर को सैनिटाइज किया गया था। देर रात सामने आए मामलों में शाहपुर के तहत राजोल निवासी 65 वर्षीय महिला, राजोल के पास भाटी की 46 वर्षीय महिला और लंज में 42 वर्षीय महिला दोनों स्वास्थ्य कर्मी हैं।
सुधेड़ के डुगला में 22 वर्षीय युवक, चैतड़ू के पास मनेड़ में 46 वर्षीय व्यक्ति, कांग़ड़ा के जयंती विहार के पास 36 वर्षीय व्यक्ति, जवाली में 52 वर्षीय व्यक्ति व जोनखरतियाल की 28 वर्षीय महिला की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। इसके अलावा आठ लोग स्वस्थ हुए हैं। कांगड़ा जिला में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 934 तक पहुंच गया है। इसी रफ्तार से मामले बढ़ते रहे तो यह आंकड़ा जल्द ही एक हजार से ऊपर हो सकता है।