Coronavirus Alert: बिना सुरक्षा उपकरण के ड्यूटी देता था संक्रमित पुलिस कर्मी, कई वाहन चालकों के किए चालान
पंचरुखी पुलिस थाना में कार्यरत पुलिस कर्मी प्रदेश में पहला योद्धा है जो कोरोना की चपेट में आया है।
पंचरुखी/पालमपुर, जेएनएन। पंचरुखी पुलिस थाना में कार्यरत पुलिस कर्मी प्रदेश में पहला योद्धा है जो कोरोना की चपेट में आया है। बीते एक माह से अधिक समय से यह पुलिस कर्मी कोरोना योद्धा के तौर पर रोजाना अपनी डयूटी पंचरूखी क्षे़त्र में दे रहा था। इतना ही नहीं डयूटी के चलते यह टांडा मेडिकल काॅलेज आैर पालमपुर मुख्यालय में भी आता था।
उपमंडल पालमपुर में बीते एक माह के दौरान पंचरुखी पुलिस थाना में रिकाॅर्ड दोपहिया आैर चौपहिया वाहनाें को कफ़र्यू के उल्लंघन करने पर पुलिस ने जब्त किया है। एेसे में उक्त पुलिस कर्मचारी वाहनाें से चाबी निकाल कर अपने पास रख लेता था।
बताते हैं कि उस दौरान सुरक्षा के नाम पर केवल वह मॉस्क को लगा कर रखते थे आैर हाथाें में किसी भी प्रकार की सुरक्षा नहीं होती थी। इन पुलिस कर्मियाें के पास ग्लब्ज नहीं रहते थे। बिना ग्लब्ज के यह पुलिस कर्मचारी अपने काम को अंजाम देते थे।
जानकारी के मुताबिक गत दिनों एसपी कांगड़ा के आदेश पर ही पुलिस कर्मियों के रेंडम सैंपल लिए गए थे। हेड कांस्टेबल के पॉजिटिव पाए जाने के बाद पुलिस थाना सील कर दिया है। इसके अलावा थाना में तैनात सभी 15 कर्मचारियों को कृषि विवि में क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया है।